बुलंद गोंदिया। पिछली महाविकास आघाडी सरकार के दौरान वर्ष 2021-22 में ली गई रबी सीजन की धान की खरीदी शासकीय आधारभूत समर्थन मूल्य पर उत्पादन की क्षमता से अत्यल्प होने से धान की खरीदी प्रक्रिया रुक गई थीं। इस मामले पर पूर्व पालकमंत्री एवं वर्तमान गोंदिया-भंडारा विधान परिषद क्षेत्र के विधायक डॉ. परिणय फुके ने विदर्भ के अन्य विधायको के साथ नवगठित राज्य की शिंदे-फड़नवीस सरकार को ज्ञापन सौंपकर एवं बार-बार आवाज उठाकर शेष धान की खरीदी हेतु सरकार से मांग की थी। इस मामले पर क्षेत्र के सांसद सुनील मेंढे ने केंद्रीय मंत्री पियुष गोयल व सचिव सुबोध कुमार से भेंट कर रबी सीजन के शेष धान खरीदी हेतु निवेदन देकर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी करने की मांग की थी।
महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री शिंदे व उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा केंद्र को भेजी रिपोर्ट के आधार पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, सुबोध कुमार द्वारा इस किसानों के मामले पर सकारात्मक कदम उठाते हुए धान उत्पादक किसानों को बड़ी राहत दी है। केंद्र सरकार ने आदेश का निर्णय जारी कर रबी सीजन 2021-22 के शेष धान खरीदी का लक्ष्य बढाकर उसे 10 लाख 53 हजार क्विंटल कर बड़ी राहत दी है। अब किसानों का शासकीय दरों में अपना शेष धान बेचने का रास्ता साफ हो गया है। वे 31 अगस्त तक शेष धान की बिक्री कर सकते है।
विधायक फुके एवं सांसद सुनील मेंढे ने किसानों के प्रति सकारात्मक निर्णय लेने पर राज्य में शिंदे-फडणवीस सरकार के साथ देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री पीयुष गोयल का आभार माना।