भाईदूज के दिन हाईवे पर मौत का तांडव, ट्रक ने ली युवक की जान ,देवरी के डवकी टोला निवासी की दर्दनाक मौत; वर्षों से मंजूर फ्लाईओवर का निर्माण अधर में, आखिर और कितनी जानें जाने का इंतजार?

बुलंद गोंदिया। देवरी शहर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाऊबीज के पावन पर्व पर जहां परिवार खुशियां मना रहे थे, वहीं डवकी टोला निवासी एक युवक की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर देवरी में फ्लाईओवर निर्माण की लंबित मांग को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाऊबीज के दिन डवकी टोला निवासी युवक दोपहिया वाहन से आमगांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मंजूर फ्लाईओवर का निर्माण वर्षों से अधूरा!

देवरी शहर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं के चलते नागरिक लंबे समय से फ्लाईओवर निर्माण की मांग कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, यहां फ्लाईओवर को मंजूरी भी मिल चुकी थी, लेकिन विभिन्न कारणों और स्थानीय विवादों के चलते निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पाया।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि यदि समय रहते फ्लाईओवर का निर्माण हो गया होता तो शायद आज एक परिवार को इस दर्दनाक त्रासदी का सामना नहीं करना पड़ता।

मौतों का जिम्मेदार कौन?

इस हादसे ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या तेज रफ्तार ट्रक चालक की लापरवाही जिम्मेदार है? क्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं? या फिर मंजूर फ्लाईओवर का निर्माण अटकाने वाली व्यवस्था भी जवाबदेही से बच सकती है?

एक परिवार का सहारा छिन गया, लेकिन इस हादसे की जिम्मेदारी तय कौन करेगा? नागरिकों में यही सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है।

अब आंदोलन की चेतावनी

नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि देवरी शहर में मंजूर फ्लाईओवर का निर्माण तत्काल शुरू किया जाए तथा दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय किए जाएं। मांग पूरी नहीं होने पर तीव्र आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी गई है।

सवाल सिर्फ एक फ्लाईओवर का नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी का है। आखिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर और कितनी जानें जाने के बाद प्रशासन जागेगा?

Share Post: