बुलंद गोंदिया। दिवाली के त्योहार के बीच गोंदिया जिला प्रशासन की सतर्कता से एक नाबालिग बालिका का बाल विवाह रुकवाने में सफलता मिली। शहर के छोटा गोंदिया स्थित प्रगति कॉलोनी में 10 नवंबर 2026 को होने जा रहे विवाह की गोपनीय सूचना मिलते ही प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर विवाह रुकवा दिया। बालिका की उम्र मात्र 17 वर्ष 7 माह 20 दिन होने के कारण यह विवाह कानूनन प्रतिबंधित था।
जिलाधिकारी मंदार पत्की, जिला पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे तथा जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी रेशमा मोरे के मार्गदर्शन में जिला बाल संरक्षण कक्ष, दामिनी पथक, इंडियन सोशल वेलफेयर सोसायटी और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम गठित की गई।
प्राप्त सूचना के आधार पर आंगनवाड़ी से बालक एवं बालिका के जन्म प्रमाणपत्र प्राप्त किए गए। जांच में बालिका की उम्र विवाह के लिए निर्धारित कानूनी आयु से कम पाई गई। इसके बाद संयुक्त टीम दोपहर 2.30 बजे विवाह स्थल पर पहुंची। शाम 5.30 बजे विवाह की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और कुछ ही देर में विवाह समारोह शुरू होने वाला था।
ऐसे समय टीम ने मौके पर पहुंचकर दूल्हा-दुल्हन, उनके माता-पिता और रिश्तेदारों को बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 के प्रावधानों की जानकारी दी। बाल विवाह से बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर पड़ने वाले गंभीर दुष्परिणामों से भी अवगत कराया गया। परिजनों एवं रिश्तेदारों से बालिका की निर्धारित आयु पूर्ण होने तक विवाह नहीं करने का कानूनी हमीपत्र लिया गया।
बालिका को बाल कल्याण समिति के समक्ष किया पेश
जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजानन गोबाडे एवं इंडियन सोशल वेलफेयर सोसायटी के जिला समन्वयक ज्ञानेश्वर पटले के नेतृत्व में पूरी कार्रवाई की गई। बालिका को आगे की आवश्यक कार्यवाही के लिए बाल कल्याण समिति, गोंदिया के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
बाल विवाह मुक्त गोंदिया बनाने का संकल्प
जिले में बाल विवाह मुक्त भारत, बाल विवाह मुक्त महाराष्ट्र एवं बाल विवाह मुक्त गोंदिया अभियान के तहत जनजागृति और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल आंगनवाड़ी सेविका, नजदीकी पुलिस थाना, जिला बाल संरक्षण कक्ष, इंडियन सोशल वेलफेयर सोसायटी अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर सूचना दें।
संयुक्त टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई में इंडियन सोशल वेलफेयर सोसायटी के संचालक अमित बेलेकर, जिला बाल संरक्षण कक्ष के धर्मेंद्र भेलावे, दामिनी पथक की सहायक पुलिस निरीक्षक मनीषा निकम, सहायक फौजदार राधेश्याम फुंडे, महिला पुलिसकर्मी वैशाली भांदक्कर, सुरेखा मेढे, चाइल्डलाइन के आनंद रामटेके, पूजा अनकर एवं हर्ष चव्हाण बालविवाह रोकने की कार्यवाही में शामिल थे।




