महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 55 के तहत कार्रवाई, 2 और 3 महीने तक गोंदिया जिले में प्रवेश पर प्रतिबंध
बुलंद गोंदिया | गोंदिया जिले में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गोंदिया पुलिस ने बड़ी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के निर्देश पर क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा करने वाले 6 आदतन अपराधियों को महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम, 1951 की धारा 55 के तहत तड़ीपार किया गया है।
आमगांव पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक एवं जिला बदर प्राधिकारी द्वारा 24 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार निम्नलिखित 4 आरोपियों को दो महीने के लिए गोंदिया जिले से तड़ीपार किया गया है।
1) शुभम अनिल राहुलकर (24 वर्ष)भवभूति नगर, आमगांव, 2) मनीष विनोद रहीले (20 वर्ष) आमगांव,3) हर्ष दालचंद साठवने (21 वर्ष) — गणेशपुर, आमगांव,4) कुणाल अनिल राहुलकर (18 वर्ष) भवभूति नगर, आमगांव
गोंदिया शहर व रामनगर के 2 अपराधी 3 माह के लिए जिला बदर
गोंदिया शहर व रामनगर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत 30 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार दो आरोपियों को तीन महीने के लिए गोंदिया जिले से निष्कासित किया गया है।
5) अंकज सोहनलाल राने उर्फ राणा (25 वर्ष) डबलिंग कॉलोनी, गोंदिया,6) प्रवीण सुनील मुटकुरे (24 वर्ष) — रेलटोली, गोंदिया
दहशत फैलाने वालों पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, जिला से तड़ीपार किए गए ये सभी व्यक्ति गोंदिया शहर, रामनगर एवं आमगांव पुलिस थाना क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं। इनके कथित आपराधिक कृत्यों के कारण संबंधित क्षेत्रों में दहशत का वातावरण बनने की शिकायतों के मद्देनजर यह प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे एवं अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के निर्देश पर उपविभागीय पुलिस अधिकारी आमगांव नंदिनी चांदपुरकर, उपविभागीय पुलिस अधिकारी गोंदिया दिनेशचंद्र शुक्ला तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में आमगांव के पुलिस निरीक्षक नीलकंठ कुकडे, रामनगर के पुलिस निरीक्षक तिरुपति राने, स्थानीय अपराध शाखा तथा दोनों पुलिस थानों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभाग लिया।
त्योहारों के दौरान सुरक्षा पर विशेष जोर
गोंदिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आगामी त्योहारों के दौरान नागरिकों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।







