बुलंद गोंदिया। गोंदिया जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) की टीम ने 4 किलो 50 ग्राम गांजा जब्त कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से गांजे के साथ एक एक्टिवा भी बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 2 लाख 72 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे एवं अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में टीम अवैध कारोबार के खिलाफ गश्त कर रही थी। इसी दौरान 1 अक्टूबर 2026 की शाम पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि एक युवक गोंदिया से कामठा की ओर बटाना-मुंडीपार मार्ग से गांजा लेकर बिक्री के लिए जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने बटाना से मुंडीपार जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी की। इस दौरान एक्टिवा पर सवार एक युवक सामने बैग रखकर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की, जिसमें उसकी पहचान उमेश उर्फ करण हरिचंद अग्रवाल (26), निवासी कामठा, तहसील व जिला गोंदिया के रूप में हुई।
पंचों की उपस्थिति में युवक के पास मौजूद स्कूल बैग की तलाशी लेने पर उसमें प्लास्टिक टेप से लिपटे खाकी रंग के पांच पैकेट मिले। जांच करने पर उनमें 4 किलो 50 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 2 लाख 2 हजार 500 रुपये आंकी गई। पुलिस ने 70 हजार रुपये कीमत की एक्टिवा मोपेड सहित कुल 2 लाख 72 हजार 500 रुपये का माल जब्त किया।
आरोपी के खिलाफ गोंदिया ग्रामीण पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई के लिए आरोपी को गोंदिया ग्रामीण पुलिस के सुपुर्द गया ।
उपरोक्त कार्रवाई : पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक अमरदीप खाडे सहित स्थानीय अपराध शाखा के पुलिसकर्मियों एवं साइबर सेल के सहायक पुलिस निरीक्षक देविदास ठमके और पुलिसकर्मी अश्विन वंजारी ने कार्रवाई को अंजाम दिया।








