ट्रक की जोरदार टक्कर से ई-रिक्शा सवार सात लोग घायल ,भर्रेगांव फाटे पर भीषण हादसा; तीन स्कूली छात्राओं समेत चार की हालत गंभीर, गोंदिया रेफर

बुलंद गोंदिया। (देवरी)- रायपुर-नागपुर राष्ट्रीय महामार्ग क्रमांक 53 पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार (18 नवंबर) सुबह भर्रेगांव फाटे के पास ट्रक और ई-रिक्शा के बीच भीषण टक्कर हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा में सवार सात लोग घायल हो गए। घायलों में तीन स्कूली छात्राएं भी शामिल हैं। चार घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे के उपचार के लिए गोंदिया रेफर किया गया है।

पीछे से ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एमएच 35 एएच 2203 क्रमांक का ई-रिक्शा यात्रियों को लेकर जा रहा था। इसी दौरान भर्रेगांव फाटे के पास सीजी 08 एझेड 2451 क्रमांक के ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने तत्काल मदद करते हुए घायलों को देवरी ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया।

घायलों में अनन्या भाऊराव चुटे (18), गुंजन भाऊराव चुटे (17), हर्षिता राजेंद्र सरोटे (17), निवासी कुंभारटोला; भानुबाई निपुर मडावी (40), निवासी भर्रेगांव; वेदिका संजय गाते (13) एवं युक्तिका संजय गाते (4), निवासी शिरपुर तथा ई-रिक्शा चालक देवेंद्र संपत सरोटे (45), निवासी शिरपुर शामिल हैं।

ग्रामीण अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अनन्या चुटे, हर्षिता सरोटे, वेदिका गाते और भानुबाई मडावी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए गोंदिया के शासकीय अस्पताल में स्थानांतरित किया गया।

ई-रिक्शा में स्कूली छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल

इस हादसे ने ग्रामीण क्षेत्रों में ई-रिक्शा से होने वाली यात्री एवं स्कूली विद्यार्थियों की आवाजाही की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। ई-रिक्शा में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने तथा वाहन की तकनीकी स्थिति और यातायात नियमों के पालन को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।

नागरिकों ने परिवहन विभाग से देवरी तहसील में ई-रिक्शा की विशेष जांच मुहिम चलाने तथा क्षमता से अधिक यात्रियों को ढोने वाले वाहनों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

हादसे की जांच देवरी पुलिस स्टेशन द्वारा की जा रही है।

Share Post: