पत्नी ने पति की प्रेमिका को रास्ते से हटाने रची साजिश, 13 लाख की सुपारी देकर करवाई हत्या 4 आरोपी गिरफ्तार 2 की तलाश

बुलंद गोंदिया। जिले के दवनीवाड़ा थाना अंतर्गत ग्राम बोंडरानी के जंगल में हुई वर्षा तुरकर हत्याकांड की गुत्थी स्थानीय अपराध शाखा ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पति के दूसरी महिला के साथ प्रेम संबंधों से परेशान पत्नी ने कथित तौर पर अपने सहयोगियों के माध्यम से उसकी हत्या की साजिश रची। इसके लिए 13 लाख रुपये की सुपारी दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में पत्नी सहित चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं।

जंगल में चाकू से वार कर की थी हत्या
पुलिस के अनुसार, मृतका वर्षा धुरनलाल तुरकर (35), निवासी धानोरा, जिला पुणे, दीपावली की छुट्टियों में अपने मायके ग्राम किन्ही, तहसील खैरलांजी, जिला बालाघाट आई हुई थी। 14 नवंबर 2026 को वह गोंदिया निवासी अपने मित्र नितेश अग्रवाल के साथ तिरोड़ा गई थी। वहां से लौटते समय बोंडरानी गांव के शिव मंदिर के समीप जंगल में शाम करीब 5.30 से 6 बजे के बीच मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने वर्षा के पेट और पीठ पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी थी।
इस मामले में 15 नवंबर को दवनीवाड़ा पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 550/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की जांच से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने स्थानीय अपराध शाखा के निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे को जांच के निर्देश दिए। इसके बाद छह पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने पिछले चार दिनों में घटनास्थल से तिरोड़ा, खैरलांजी, वारासिवनी, बालाघाट और गोंदिया तक करीब 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
इस दौरान तीन संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार नितेश अग्रवाल की कार का पीछा करते दिखाई दिए। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने 19 नवंबर को गोंदिया के मुर्री क्षेत्र से इमरान करीम शेख (26) को हिरासत में लिया। पूछताछ में कथित साजिश का खुलासा हुआ।

जीपीएस लोकेशन से कार तक पहुंचे आरोपी

पुलिस के अनुसार, नितेश अग्रवाल की कार उसकी पत्नी के नाम पर थी। कार में लगे जीपीएस सिस्टम को नियंत्रित करने वाले टोयोटा आई-कनेक्ट मोबाइल एप का आईडी और पासवर्ड पत्नी ने कथित तौर पर आरोपियों को उपलब्ध कराया था। इसी के जरिए नितेश की कार की लोकेशन हासिल कर तीनों हमलावर उसका पीछा करते हुए बोंडरानी के जंगल तक पहुंचे और वर्षा की हत्या कर दी।
13 लाख रुपये में दी गई थी हत्या की सुपारी
पुलिस की जांच के मुताबिक, नितेश की पत्नी ने अपने परिचित कुणाल कुंभलकर की मदद से हत्या की साजिश रची। कुणाल ने कथित तौर पर शाहरुख पठान से संपर्क कर 13 लाख रुपये में वर्षा की हत्या की सुपारी तय की। इसके बाद शाहरुख ने मुर्री निवासी तीन युवकों को हत्या की जिम्मेदारी सौंपी।

गिरफ्तार आरोपी
इमरान करीम शेख (26) – निवासी संजयनगर, मुरी, गोंदिया।
शाहरुख खान फिरोज खान पठाण (33) – निवासी सिंधी कॉलोनी, गोंदिया।
कुणाल श्यामलाल कुंभलकर (31) – निवासी साई मंदिर के पास, सिविल लाइन, गोंदिया।
मोना नितेश अग्रवाल (41) – निवासी साई मंगलम लॉन के सामने, गोविंदपुर रोड, गोंदिया।
पुलिस के अनुसार, हत्या में शामिल अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को आगे की जांच के लिए दवनीवाड़ा पुलिस के सुपुर्द किया गया है।

छह पुलिस टीमों की मेहनत से खुला मामला
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे एवं अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के नेतृत्व में की गई। इसमें सहायक पुलिस निरीक्षक अमरदीप खाडे, अभिषेक जंगमवार सहित स्थानीय अपराध शाखा के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा साइबर सेल के रोशन येरणे और आकिब काजी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share Post: