अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कक्ष की कार्रवाई; लॉज संचालक हिरासत में, मामला दर्ज
बुलंद गोंदिया | गोंदिया शहर में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के पास स्थित राधिका लॉज में छापा मारकर चार महिलाओं को मुक्त कराया। इस मामले में लॉज के संचालक एवं मालिक जगदीश भामनानी (54), निवासी हेमू कॉलोनी चौक, यादव चौक, गोंदिया को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे एवं अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के मार्गदर्शन में अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कक्ष, गोंदिया की टीम ने पंचों की मौजूदगी में राधिका लॉज पर छापेमारी की। इस दौरान लॉज में चार महिलाओं से कथित रूप से देह व्यापार कराया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से लॉज संचालक और चारों महिलाओं को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अपने कब्जे में लिया। इस मामले में गोंदिया शहर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 807/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(2), 143(3) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4 एवं 5 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण की आगे की जांच जारी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक प्रमोद भातनाते, नक्सल सेल गोंदिया तथा अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कक्ष की महिला पुलिस उपनिरीक्षक मनीषा निकम के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में सहायक फौजदार जितेंद्र मिश्रा, पुलिस हवलदार बलराज लांजेवार, रूपेश सुखदेवे, महिला पुलिस हवलदार शिल्पा बडवाईक, पुलिस शिपाई रविंद्रकुमार मेश्राम, महिला पुलिस शिपाई मंजु बागडे एवं चालक महिला पुलिस शिपाई सुरेखा मेंढे ने सहभाग लिया।




