बुलंद गोंदिया। गोंदिया–गोरेगांव मार्ग पर बुधवार की मध्यरात्रि हिरडामाली–मिलटोली के बीच दो दोपहिया वाहनों की भीषण भिड़ंत में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का गोंदिया के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में उपचार जारी है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे में पीयूष योगेश बारेवार (28, निवासी गोरेगांव), मनोज कुरंजेकर (27) तथा विनय कोहरे (28, दोनों निवासी सोनी, तहसील गोरेगांव) की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गोरेगांव और सोनी क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के नागरिक घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। नागरिकों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गोंदिया ग्रामीण पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कर तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे तथा गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

हादसे के कारणों की जांच जारी
दोनों दोपहिया वाहनों की भिड़ंत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। तेज रफ्तार, वाहन से नियंत्रण खोना अथवा अन्य किसी कारण से हादसा हुआ, इसकी जांच गोंदिया ग्रामीण पुलिस द्वारा की जा रही है।
गोरेगांव और सोनी क्षेत्र में शोक की लहर
इस भीषण दुर्घटना में जान गंवाने वाले तीनों युवक एक-दूसरे के परिचित थे। तीन युवकों की असमय मृत्यु से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, गोरेगांव और सोनी परिसर में शोक का माहौल व्याप्त है। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर रात के समय सुरक्षित यातायात और सड़क सुरक्षा के नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर किया है।





