बुलंद गोंदिया। गणेशोत्सव के दौरान ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने के लिए गोंदिया पुलिस ने जिले में डीजे संचालकों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की है। पिछले दो दिनों में ध्वनि प्रदूषण नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में 13 आरोपियों के खिलाफ कुल 9 मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने डीजे साउंड सिस्टम, बेस, टॉप, इको साउंड सिस्टम, साउंड मिक्सर तथा वाहनों सहित कुल 24 लाख 64 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।
गौरतलब है की जिला पुलिस अधीक्षक गौरख भामरे ने पहले ही लाउडस्पीकर एवं डीजे संचालकों की बैठक लेकर उन्हें सर्वोच्च न्यायालय और मुंबई उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
गोंदिया शहर में कार्रवाई
गोंदिया शहर थाना क्षेत्र के छोटा गोंदिया चावड़ी चौक में डीजे संचालक नंदकिशोर बुधराम राऊत (38) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 2 बेस, 2 टॉप और एक जनरेटर जब्त किया।

रामनगर थाना क्षेत्र में तीन कार्रवाई
रामनगर थाना क्षेत्र के विद्यानगर, बी. टोली में राकेश भाऊराव गजभिये, अंकित महेंद्र नागोसे और हिरेश नंदलाल घारपिंडे के खिलाफ मामला दर्ज कर डीजे साउंड सिस्टम जब्त किया गया।
कुड़वा के आंबेडकर चौक में सोहेल सलीम शेख के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 बेस, 2 टॉप, 15 भोंगे वाला साउंड सिस्टम और टाटा वाहन सहित 3 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया।
कटंगीटोला रेलवे चौकी के पास दिनेश देवीलाल भागत के खिलाफ कार्रवाई में डीजे सिस्टम, साउंड मिक्सर और टाटा वाहन सहित 2.30 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया।
गोंदिया ग्रामीण में भी कार्रवाई
गोंदिया ग्रामीण थाना क्षेत्र के ताड़ाटोली अदासी में चंद्रप्रकाश दीनदयाल भांडारकर और सचिन भांडारकर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डीजे सिस्टम और टेम्पो सहित 2.90 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया।
पांढराबोडी में तनुज कृष्णा यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर 4 बेस, 4 टॉप, 10 सराफी लाइट और आयशर वाहन सहित 3.50 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया।
गोरेगांव में 8.20 लाख का मुद्देमाल जब्त
गोरेगांव के पवन तालाब के पास राकेश दीनदयाल आगले और तुषार मनोहर चव्हाण के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने 8 बेस, 8 टॉप, इको साउंड सिस्टम, साउंड मिक्सर, आयशर वाहन और जेनान पिकअप सहित 8.20 लाख रुपये का मुद्देमाल जब्त किया।
रावणवाड़ी में भी कार्रवाई
रावणवाड़ी थाना क्षेत्र के दासगांव में दुर्गेश भोजराज तूरकर और डीजे मालिक देवानंद बाबू कटरे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने डीजे सिस्टम, इको साउंड सिस्टम, साउंड मिक्सर तथा वाहनों सहित 4.40 लाख रुपये का सामान जब्त किया।
गणेश मंडलों और डीजे संचालकों को पुलिस की चेतावनी
पुलिस प्रशासन ने सभी गणेश मंडलों तथा डीजे संचालकों से अपील की है कि वे पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करें और ध्वनि सीमा का उल्लंघन न करें। पुलिस ने कहा कि नियमों का पालन करने से आम नागरिकों को होने वाली परेशानी से बचाया जा सकेगा।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गौरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी दिनेशचंद्र शुक्ला के मार्गदर्शन में गोंदिया शहर, रामनगर, गोंदिया ग्रामीण, गोरेगांव और रावणवाड़ी थाना पुलिस द्वारा की गई।






