24 घंटे में मुंडीपार हत्याकांड का खुलासा,जादूटोने के शक में रविशंकर रहांगडाले की हत्या, दो आरोपी हिरासत में

बुलंद गोंदिया। मुंडीपार एमआईडीसी में 22 सितंबर की शाम रविशंकर उदेलाल रहांगडाले की हत्या के मामले का स्थानीय अपराध शाखा ने 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मुंडीपार निवासी जितेंद्र कोहळे (45) और कमलेश अशोक नेवारे (19) को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे मृतक द्वारा जादूटोना किए जाने की कथित धारणा और इसी को लेकर आरोपियों में व्याप्त नाराजगी मुख्य वजह सामने आई है।

राइस मिल में रात्रि पाली के लिए निकले थे रविशंकर
पुलिस के मुताबिक, मुंडीपार निवासी रविशंकर रहांगडाले 22 सितंबर 2026 को शाम करीब 7.45 बजे अपने घर से मोटरसाइकिल पर एमआईडीसी स्थित वेंकटेश राइस मिल में रात्रि पाली में काम करने के लिए निकले थे। इसी दौरान एमआईडीसी रोड पर चमड़ा फैक्ट्री के समीप अज्ञात हमलावरों ने उन्हें रोककर हमला किया।
हमले में गंभीर रूप से घायल रविशंकर की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के बेटे विक्की रविशंकर रहांगडाले (31) की शिकायत पर गंगाझरी पुलिस थाने मेंभारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।

स्थानीय अपराध शाखा ने शुरू की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने स्थानीय अपराध शाखा को आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए। इसके बाद स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने गंगाझरी थाना क्षेत्र में विभिन्न स्तरों पर जांच शुरू की और गोपनीय जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक के संबंध में गांव में जादूटोना किए जाने की चर्चा थी तथा कुछ लोगों में उसके प्रति नाराजगी थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने कमलेश नेवारे को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की।
परिवार में हुई मौतों के लिए मृतक को मानते थे जिम्मेदार
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में कमलेश ने बताया कि उसके परिवार में हुई दो मौतों तथा परिवार के सदस्यों की बार-बार खराब होती तबीयत के लिए वह मृतक रविशंकर को जिम्मेदार मानता था। पुलिस का कहना है कि मनिष टेंभरे और जितेंद्र कोहळे के परिवार में हुई मौतों तथा रिषभ कोहळे की तबीयत खराब होने के लिए भी आरोपियों ने कथित तौर पर रविशंकर द्वारा किए गए जादूटोने को जिम्मेदार माना।
इसी कथित धारणा और नाराजगी के चलते कमलेश नेवारे, जितेंद्र कोहळे तथा दो विधिसंघर्ष बालकों द्वारा रविशंकर की हत्या की साजिश रचे जाने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आने की बात कही गई है।
रास्ते में घेरकर किया हमला
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की शाम आरोपियों ने एमआईडीसी रोड पर अंधेरे में इंतजार किया। जब रविशंकर मोटरसाइकिल से राइस मिल की ओर जा रहे थे, तब आरोपियों ने स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से उनका पीछा किया।
इसके बाद चमड़ा फैक्ट्री के सामने उन्हें रोककर हथौड़े से पीठ पर वार किया गया। हमले में रविशंकर मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़ा । इसके बाद आरोपियों ने कुल्हाड़ी से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
दो आरोपी पुलिस हिरासत में
स्थानीय अपराध शाखा ने कार्रवाई करते हुए जितेंद्र कोहळे (45) और कमलेश अशोक नेवारे (19), दोनों निवासी टॉवरटोली, मुंडीपार को हिरासत में लिया। दोनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गंगाझरी पुलिस के हवाले किया गया है। मामले में दो विधिसंघर्ष बालकों की भूमिका भी पुलिस ने बताई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे, उपविभागीय पुलिस अधिकारी तिरोड़ा गजानन गुल्हाणे तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में स्थानीय अपराध शाखा के अधिकारी-कर्मचारी, साइबर सेल तथा गंगाझरी पुलिस की टीम ने सहयोग किया। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है।

Share Post: