सूखे का संकट खेतों में पहुंच विधायक डॉ. परिणय फुके ने ली जानकारी , किसानों को दिया सरकार के साथ होने का भरोसा

बुलंद गोंदिया। जिले में सूखे का संकट गहराता जा रहा है, किसानों को राहत देने के लिए राज्य सरकार ने कवायद शुरू कर दी है,मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर सत्ताधारी विधायक किसानों के खेतों में जाकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
इसी कड़ी में गोंदिया जिले के देवरी तहसील में विधायक डॉ. परिणय फुके किसानों के खेतों में पहुंचकर फसलों के नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने तहसीलदार और तलाठी को साथ लेकर खेत-खेत जाकर धान की फसल देखी और किसानों से बात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
लगातार बारिश में आए लंबे गैप के कारण देवरी इलाके में धान की खेती खतरे में है। धान को अधिक पानी की जरूरत होती है, लेकिन बारिश न होने से फसलें सूखने की कगार पर हैं।
विधायक ने मौके पर ही अधिकारियों को तत्काल सर्वे और पंचनामा शुरू करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उनके साथ तहसीलदार रोहित शैलखंडे, मंडल अधिकारी प्रकाश वैद्य, तलाठी उज्वल पटले, वीरेंद्र अंजनकर, राजू शाहू, प्रवीण दहीकर, इंद्रजीत भाटिया मौजूद रहे।
किसानों से चर्चा करते हुए विधायक डॉ. फुके ने कहा, “राज्य सरकार पूरी तरह से किसानों के साथ खड़ी है। सरकार इस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अभी सर्वे की प्रक्रिया चल रही है, सर्वे का काम पूरा होते ही सरकार की तरफ से मदद का ऐलान किया जाएगा।”
उन्होंने तालुका के लघु सिंचाई प्रकल्पों में पानी की स्थिति की भी जानकारी ली और पानी की कमी को देखते हुए अधिकारियों को उपाय योजना करने के निर्देश दिए।

Share Post: