पेंशन बिल मंजूर करने के लिए 4 हजार की रिश्वत लेते कनिष्ठ सहायक संदीप सानप गिरफ्तार

बुलंद गोंदिया | गोंदिया पंचायत समिति के शिक्षा विभाग में पेंशन संबंधी काम के लिए 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते कनिष्ठ सहायक संदीप शाहूराव सानप (31)को गोंदिया एंटी करप्शन विभाग (एसीबी) की टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 64 वर्षीय महिला शिकायतकर्ता जिला परिषद केंद्रीय प्राथमिक शाला, दवनीवाड़ा से दिसंबर 2020 में मुख्याध्यापिका पद से सेवानिवृत्त हुई थीं। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें पंचायत समिति शिक्षा विभाग से पेंशन मिल रही थी। पेंशन की राशि कम मिलने का पता चलने पर उन्होंने इसमें सुधार कर बकाया राशि दिलाने के लिए विभाग में आवेदन किया था।
इस संबंध में शिकायतकर्ता ने आरोपी कनिष्ठ सहायक संदीप सानप से संपर्क किया। लेकिन सानप ने पेंशन से संबंधित पांच लाख रुपए से अधिक के बिल को मंजूर कराने के लिए 5 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता के पास उस समय 1 हजार रुपए होने पर आरोपी ने वह राशि ले ली तथा शेष 4 हजार रुपए चेक तैयार होने के बाद देने को कहा।
रिश्वत देने की इच्छा नहीं होने पर शिकायतकर्ता ने 17 सितंबर को एसीबी गोंदिया कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच के दौरान आरोपी द्वारा शेष 4 हजार रुपए की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने की तैयारी की पुष्टि हुई।

इसके बाद एसीबी ने जाल बिछाकर शिकायतकर्ता को पंच एवं वॉइस रिकॉर्डर के साथ आरोपी के कार्यालय भेजा। पंचायत समिति गोंदिया के आस्थापना विभाग में आरोपी ने 4 हजार रुपए की रिश्वत स्वीकार की, जिसके बाद एसीबी टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी को हिरासत में लिया गया है तथा उसके विरुद्ध गोंदिया शहर पुलिस थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
कार्रवाई में शामिल टीम: पुलिस उपअधीक्षक निलेश लोधी के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक अरविंद राऊत, पुलिस निरीक्षक उमाकांत उगले सहित एसीबी के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। कार्रवाई को वरिष्ठ अधिकारियों के दिशानिर्देशन में अंजाम दिया गया।

Share Post: