बुलंद गोंदिया। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ी को शुद्ध हवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अपना गणेश उत्सव मंडल, सिविल लाइन गोंदिया व वृक्षधरा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में माँ शारदा इंटरनेशनल स्कूल, नागराधाम में 51 बड़े वृक्षों का भव्य पौधरोपण किया गया।
अपना गणेश उत्सव मंडल द्वारा इस वर्ष केवल गणेश उत्सव तक सीमित न रहते हुए विभिन्न सामाजिक उपक्रम चलाने का संकल्प लिया गया है। इसी कड़ी में यह पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि छोटे पौधों के बजाय 5 से 6 फीट ऊंचाई वाले बड़े वृक्ष लगाए गए, जिनके जीवित रहने की संभावना अधिक होती है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के महत्व और ऑक्सीजन निर्माण में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। उपस्थित मान्यवरों ने कहा कि केवल पौधे लगाकर फोटो खिंचवाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का नियमित संगोपन एवं संवर्धन कर उन्हें वृक्ष बनाना ही सच्ची सेवा है। बढ़ते तापमान, घटते वर्षामान और प्रदूषण को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक वृक्ष लगाने और उसे जीवित रखने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों ने हाथ उठाकर “हम लगाए गए प्रत्येक वृक्ष का संवर्धन करेंगे और पर्यावरण की रक्षा करेंगे” की शपथ ली। विद्यार्थियों के उत्साह से पूरा परिसर पर्यावरण संरक्षण के संदेश से गूंज उठा।
कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष पंकज रहांगडाले, माँ शारदा इंटरनेशनल स्कूल के संचालक एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य रमेश लिल्हारे, पुलिस उपअधीक्षक दिनेश शुक्ला, गोंदिया ग्रामीण के पुलिस निरीक्षक वैभव पवार तथा पंचायत समिति सदस्य नंदिनी लिल्हारे उपस्थित रहे।
इसके अलावा अपना गणेश उत्सव मंडल के अध्यक्ष अमित अवस्थी तथा संयोजक पंकज रहांगडाले, अरविंद तिवारी, विवेक रहांगडाले, राकेश लांजेवार, मोहन लिल्हारे, ऋतुराज मिश्रा, अश्विन ठाकुर एवं पलाश लालवानी सहित मंडल के सभी कार्यकर्ता और वृक्षधरा फाउंडेशन के सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम की सफलता के लिए विद्यालय के मुख्याध्यापक एवं शिक्षकों ने विशेष परिश्रम किया। कार्यक्रम के अंत में लगाए गए 51 वृक्षों के संरक्षण की जिम्मेदारी विद्यालय प्रशासन ने स्वीकार की। इन वृक्षों को नियमित पानी देने के साथ उनकी देखभाल एवं संवर्धन किया जाएगा।






