बुलंद गोंदिया। ( संवाददाता रावणवाड़ी)- गोंदिया जिले के संरक्षित वन क्षेत्र नागझिरा – नवेगांव बांध में गत माह चंद्रपुर से लाकर छोड़ी गई बाघिन 6 जुलाई की सुबह रावणवाड़ी चंगेरा परिसर में दिखाई दी जिस की जानकारी वन विभाग को प्राप्त होते ही क्षेत्र में सुरक्षा के इंतजाम किए गए।
गौरतलब है कि गोंदिया जिले के संरक्षित क्षेत्र में बाघों की संख्या बढ़ाने के लिए चंद्रपुर से दो बाघिन गत माह पालक मंत्री द्वारा नागझिरा जंगल में छोड़ी गई थी।
जिसमें से एक बाघिन छोड़ने के पश्चात रास्ता भटक कर काफी समय तक पांगडी जंगल परिसर में अपना डेरा जमा रखा था।
लेकिन अब पागड़ी परिसर को छोड़कर 6 जुलाई की सुबह रावणवाड़ी चंगेरा कांटी क्षेत्र के जंगलों में अपना डेरा जमाया।
सुबह जब किसान लोग अपने कृषि कार्य के लिए अपने खेत में पहुंचे तो उन्हें यह बाघिन दिखाई दी जिससे क्षेत्र किसान भयभीत नजर आने लगे तथा इसकी जानकारी वन विभाग व वन्यजीव विभाग को दी गई।
वन विभाग के अधिकारी द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर सुरक्षा के इंतजाम किए तथा बाघिन के नजर आने की जानकारी परिसर में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग जंगल परिसर की ओर जाने लगे जिन्हें सुरक्षा की दृष्टि से रोका गया।
इस संदर्भ में जब अधिक जानकारी के लिए वन्यजीव विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया हालांकि गोंदिया वन परीक्षेत्र के कुछ अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि वन विभाग व वन्यजीव विभाग द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए तथा नागरिकों से आह्वान किया जाता है कि सुरक्षा की दृष्टि से वे इस क्षेत्र में ना पहुंचे।






