बुलंद गोंदिया। जिले में शिक्षा जैसे पवित्र पेशे को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। गोंदिया पंचायत समिति अंतर्गत सावरी स्थित जिला परिषद की बालिका शाला में सातवीं कक्षा की छात्रा के कथित यौन शोषण का आरोप शिक्षक नागोराव कटरे पर लगा है। घटना की जानकारी सामने आते ही आक्रोशित पालकों और ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर आरोपी शिक्षक की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर रावणवाड़ी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी शिक्षक को हिरासत में लिया।
छुट्टियों में सामने आया मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिवाली की छुट्टियां शुरू होने से पहले आरोपी शिक्षक पर कक्षा सातवीं में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा के साथ यौन शोषण करने का आरोप है। दिवाली अवकाश के दौरान अन्य छात्राओं ने भी अपने परिजनों को शिक्षक द्वारा कथित रूप से की गई अनुचित हरकतों की जानकारी दी। इसके बाद पालकों में आक्रोश फैल गया।
स्कूल खुलते ही पालकों का हंगामा
23 नवंबर को दिवाली की छुट्टियों के बाद स्कूल खुलते ही संतप्त पालक स्कूल पहुंच गए। उन्होंने आरोपी शिक्षक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आक्रोशित पालकों और ग्रामीणों ने शिक्षक की पिटाई कर दी। बाद में रावणवाड़ी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को अपने कब्जे में लिया।
शिक्षक या भक्षक? भरोसे पर उठे सवाल
माता-पिता के बाद बच्चों के जीवन में शिक्षक का स्थान सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। अभिभावक अपने बच्चों को सुरक्षित भविष्य और बेहतर शिक्षा की उम्मीद में स्कूल भेजते हैं। लेकिन जब इसी भरोसे की जिम्मेदारी निभाने वाले शिक्षक पर मासूम छात्राओं के शोषण के आरोप लगते हैं, तो पूरा शिक्षा तंत्र कठघरे में खड़ा हो जाता है।
कार्रवाई का खौफ आखिर कहां?
बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पॉक्सो कानून के तहत कठोर प्रावधान मौजूद हैं। इसके बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आना शिक्षा विभाग और प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या व्यवस्था है? ऐसे मामलों को रोकने के लिए शिक्षा विभाग कब ठोस कदम उठाएगा?
सावरी की इस घटना ने एक बार फिर अभिभावकों के मन में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब जरूरी है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।
विभागीय जांच शुरू व निलंबन की कार्रवाई होंगी
इस मामले में सोमवार को उप शिक्षा अधिकारी द्वारा स्कूल में पहुंचकर मामले की जांच की है तथा पुलिस में मामला दर्ज हुआ है पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है। तथा विभागीय जांच कर निलंबन की कार्रवाई की फाइल तैयार की गई है तथा पुलिस रिपोर्ट आने पर निलंबित किया जाएगा।
– पवन खंडारे शिक्षणाधिकारी प्राथमिक जिला परिषद गोंदिया।






