असिसमेंट के बिना टैक्स वसूली का दिया बिल, राशि कम करने रिश्वत की मांग, अस्थाई कर्मचारी गणेश मौजे बर्खास्त

बुलंद गोंदिया। गोंदिया नगर परिषद के टैक्स विभाग में कार्यरत अस्थाई कर्मचारी गणेश मौजे द्वारा सिंधी कॉलोनी निवासी फरियादी को असिसमेंट के बिना टैक्स वसूली का बिल देकर राशि कम करने के नाम पर 20% रिश्वत की मांग की थी। जिसकी शिकायत मुख्य अधिकारी को प्राप्त होते ही उसे तत्काल बर्खास्त कर नगर परिषद परिसर में भी प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है।
गौरतलब है कि गोंदिया नगर परिषद द्वारा टैक्स वसूली के लिए नगर परिषद के रिटायर कर्मचारी गणेश मौजे को अस्थाई रूप से एजेंसी के माध्यम से नियुक्त किया था किंतु अपने पद का गलत दुरुपयोग कर सिंधी कॉलोनी निवासी फरियादी घनश्याम वैरूमल हरीरामानी जिसका वार्ड क्रमांक 30 में प्रॉपर्टी क्रमांक 30/134 व अन्य दूसरी प्रॉपर्टी 30/133 दर्ज हैं। जिसके पुनर्निर्माण के पश्चात बिना किसी असिसमेंट के टैक्स वसूली का बिल गणेश मौजे द्वारा दिया गया था तथा बिल की राशि कम करने के नाम पर फरियादी से 20% रिश्वत की मांग की थी इस संदर्भ में फरियादी द्वारा नगर परिषद मुख्य अधिकारी करण चौहान से शिकायत की थी साथ ही इस मामले में सूचना के अधिकार के तहत आरटीआई कार्यकर्ता महेश वाधवानी द्वारा मांगी गई जानकारी में खुलासा हुआ कि उपरोक्त टैक्स का बिल कर्मचारी गणेश मौजे द्वारा झूठे वह फर्जी बनाकर दिया था। जिसका नगर परिषद द्वारा किसी भी प्रकार से असिसमेंट कर नया टैक्स जारी नहीं किया था इस प्रकार के भ्रष्टाचार के गंभीर मामले को देखते हुए मुख्य अधिकारी करण चौहान द्वारा तत्काल प्रभाव से अस्थाई कर्मचारी गणेश मौजे को बर्खास्त कर इस संदर्भ का पत्र जय अंबे स्वयंरोजगार सेवा संस्था के संचालक को दिया है साथ ही पत्र में निर्देश दिया गया है कि उपरोक्त कर्मचारी नगर परिषद परिसर में भी प्रवेश नहीं करेगा तथा इस आदेश का उल्लंघन किए जाने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि गोंदिया नगर परिषद प्रशासन द्वारा नगर परिषद की आय बढ़ाने के लिए टैक्स वसूली बड़े पैमाने पर की जाती है किंतु कुछ कर्मचारियों द्वारा इस प्रकार का भ्रष्टाचार किया जाता है तथा इस प्रकार के अनेक मामले इसके पूर्व भी घटित हो चुके हैं जिसकी जांच की जाए तो अनेक घोटाले सामने आने की संभावना है।

Share Post: