बुलंद गोंदिया। पुणे एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस में कार्यरत वर्षा तुरकर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। गोंदिया जिले के दवनीवाड़ा थाना अंतर्गत बोंडरानी (अर्जुनी) के जंगल क्षेत्र में उनका शव मिलने से गोंदिया और मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में सनसनी फैल गई है। मामले में गोंदिया निवासी नितेश अग्रवाल नामक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्षा तुरकर मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के खैरलांजी थाना अंतर्गत ग्राम खैरी की निवासी थीं। वह पुणे एयरपोर्ट पर इंडिगो में कार्यरत थीं और कुछ दिनों पूर्व अपने गृहग्राम नवागांव (ख) आई थीं। इसी दौरान वह गोंदिया निवासी अपने पुरुष मित्र के साथ घूमने निकली थीं।
बताया जाता है कि युवक ने वर्षा के परिजनों को जानकारी दी कि महाराष्ट्र के अर्जुनी-बोंडरानी जंगल क्षेत्र में उनके साथ लूटपाट कर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पहुंचे और शव को खैरलांजी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सकों ने वर्षा को मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम किया गया ।
दो राज्यों की पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना के बाद खैरलांजी पुलिस ने संबंधित युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या और लूटपाट के संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटनास्थल महाराष्ट्र की सीमा में होने के कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद गोंदिया जिले की दवनीवाड़ा पुलिस द्वारा आगे की जांच किए जाने की संभावना है।
हत्या की वजह क्या थी? क्या वास्तव में लूटपाट के बाद वर्षा की हत्या की गई? इन सवालों का जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल मामले को लेकर दोनों राज्यों की पुलिस की जांच पर नजरें टिकी हैं।






