बुलंद गोंदिया।(संवाददाता तिरोड़ा)- गोंदिया जिले की तहत तिरोड़ा तहसील के अंतर्गत स्थित अदानी पावर प्लांट से प्रतिदिन निकलने वाली राख से पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है। जिस पर कार्रवाई की मांग को लेकर भंडारा जिले के मोहाडी तहसील के शिवसेना प्रमुख अनिल सार्वे द्वारा राज्य के पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे को मुंबई में निवेदन देकर कार्यवाही की मांग की है।
गौरतलब है कि गोंदिया जिले के तिरोड़ा तहसील में अदानी पावर प्लांट स्थित है जिसमें कोयले के द्वारा बिजली का निर्माण किया जाता है। जिसमें कोयले की निकलने वाली राख का प्रतिदिन बड़े पैमाने पर गोंदिया जिले के साथ-साथ भंडारा जिले के मोहाडी तहसील के अंतर्गत आने वाले धीवरटोला, मांडवी, पालोदा देव्हाड़ा इन ग्रामों में टिप्पर द्वारा की जाती है। तथा जब पावर प्लांट से टिप्पर राख भर कर निकलते हैं तो उपरोक्त राख पूरे मार्ग पर फैलने लगती है। जिससे मार्गों पर आवागमन करने वाले नागरिकों व वाहन चालकों की आंख में उपरोक्त राख जाती है। जिससे नागरिकों में आंख की गंभीर बीमारियां फैल रही है, इसके साथ ही पर्यावरण को भी भारी नुकसान हो रहा है जिन स्थानों पर इस राख को डाला जाता है वहां पर किसी भी प्रकार की वनस्पति फिर कभी नहीं उगती है। जिससे पर्यावरण व जल प्रदूषण तथा वायु प्रदूषण बड़े पैमाने पर क्षेत्र में फैलने लगा है। इस संदर्भ में प्रदूषण विभाग भंडारा को 21 फरवरी 2022 को कार्रवाई के लिए पत्र भी दिया गया है लेकिन अदानी पावर प्लांट पर प्रदूषण विभाग का किसी भी प्रकार का नियंत्रण ना होने तथा प्रदूषण विभाग की कार्रवाई पर हमेशा ही प्रश्नचिन्ह निर्माण होने के चलते किसी भी प्रकार की कार्यवाही नहीं हुई है।
उल्लेखनीय है कि उपरोक्त राख की निकासी प्रतिदिन 24 घंटे होती है जिससे मार्गों पर भी भारी पैमाने पर राख जमा हो रही है। पर्यावरण के संरक्षण की रक्षा के लिए तथा नागरिकों के स्वास्थ्य को देखते हुए अदानी पावर प्लांट इस लापरवाही पूर्ण कार्यप्रणाली पर कार्रवाई करने के लिए भंडारा जिले के मोहाडी तहसील के शिवसेना प्रमुख अनिल सार्वे द्वारा मुंबई में पर्यावरण मंत्री महाराष्ट्र शासन आदित्य ठाकरे को पत्र देकर कार्यवाही की मांग की है ।
अदानी पावर तिरोड़ा से निकलने वाली राख से फैल रहा प्रदूषण पर्यावरण को खतरा, पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे को तहसील शिवसेना प्रमुख ने निवेदन देकर कार्रवाई की मांग






