बुलंद गोंदिया। महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए गांव मुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी के अंतर्गत राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सरपंचों से संवाद कर कोरोना नियंत्रण उपाय योजना तथा तीसरे चरण के लिए सजगता बरतने का आव्हान किया। गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा कोरोना मुक्त ग्राम यह अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत गोंदिया जिले के आमगांव तहसील के करंजी वह तिरोड़ा तहसील के कुलपा आदिवासी बहुल क्षेत्र के ग्राम के सरपंच का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के लिए चयन किया गया था। जिसमें करंजी के सरपंच हंसराज चुटे तथा कुलपा के सरपंच नासिक भाऊराव धुर्वे यह चर्चा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ग्राम की जनसंख्या तथा ग्राम की विविधता के साथ ही कोरोना के दूसरे चरण के आने पर की गई उपाय योजना की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। तथा लाकडाउन लगने के पश्चात ग्राम के मजदूर बाहर से वापस आना शुरू हो गए थे, जिन्हें 14 दिन होम क्वॉरेंटाइन में रखने के पश्चात ही घरों में प्रवेश दिया गया साथ ही ग्राम में स्वच्छता, समय-समय पर सेनीटाइज, सामाजिक अंतर का पालन करने, हैंड वॉश करने के संदर्भ में मार्गदर्शन किया गया जिसके लिए ग्राम के मंदिरों के ध्वनि यंत्रों का उपयोग किया गया तथा कोरोना के नियंत्रण के लिए वार्ड समिति का गठन, दक्षता समिति की स्थापना, परिवार सर्वेक्षण के लिए वार्ड समिति का निर्माण, टीकाकरण समिति, होम क्वारंटाइन में मदद कार्य करने के लिए दल तथा आदिवासी खावटी समिति की स्थापना की गई। साथ ही गांव स्तर पर जनजागृति करने के लिए कर्मचारियों पदाधिकारियों नवयुवको तथा सामाजिक संस्था के माध्यम से ग्रुप तैयार किए गए। विशेष यह है कि कोरोना के दूसरे चरण को रोकने के लिए आशा, आंगनवाड़ी सेविका, शिक्षक, ग्राम सेवक के माध्यम से ग्राम के प्रत्येक नागरिकों की जांच का समय-समय पर अभियान चलाया गया। उल्लेखनीय है कि दोनों ग्रामों में चलाई गई विभिन्न योजनाओं के चलते एक भी कोरोना का मरीज नहीं पाया गया तथा तीसरे चरण को देखते हुए ग्राम में विभिन्न तैयारियां करने के साथ ही कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण के लिए विशेष कार्य किया जा रहा है। साथ ही जनजागृति अभियान चलाते हुए 86% से अधिक टीकाकरण किया गया इस प्रकार की जानकारी सरपंचों ने मुख्यमंत्री को दी साथ ही शत प्रतिशत टीकाकरण का आश्वासन भी दिया।
ग्राम को कोरोना मुक्त रखने के लिए जीप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रदीप कुमार डांगे, सामान्य प्रशासन के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेश भंडारकर, पंचायत विभाग के आर एल पूराम, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नितिन कापसे, गट विकास अधिकारी चंद्रकांत साबड़े ,एस एम लिलहरे तथा तहसील स्तर के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों का समय-समय पर सहयोग व मार्गदर्शन मिलने पर सरपंचों ने उनका आभार व्यक्त किया।
कोरोना मुक्त गांव अभियान उपाय योजना सहित तीसरे चरण के लिए रहे सजग -उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से गोंदिया के सरपंचों से किया संवाद






