गोंदिया लायंस कोरोना हेल्पलाइन द्वारा ऑक्सीजन स्पेशल ट्रेन के स्टाफ के लिए की भोजन व्यवस्था

बुलंद गोंदिया। कोरोना संक्रमण काल में गोंदिया लायंस कोरोना हेल्पलाइन के सदस्यों द्वारा निरंतर सेवा कार्य किया जा रहा है। इसी के अंतर्गत 19 मई को उड़ीसा से सोलापुर के लिए जा रही मेडिकल ऑक्सीजन स्पेशल ट्रेन के स्टाफ के लिए भोजन व पानी की सूचना मिलते ही तत्काल व्यवस्था की।
गौरतलब है कि इस संक्रमण काल की महामारी में लायंस क्लब द्वारा सेवा कार्य के विभिन्न उपक्रम निरंतर चलाते हुए अपना सामाजिक दायित्व निभा रहे हैं। इसी के अंतर्गत बुधवार 21 मई को क्लब के सक्रिय सदस्य मनोज डोहरे को उड़ीसा से महाराष्ट्र के शोलापुर जा रही ऑक्सीजन स्पेशल ट्रेन एक स्टाफ द्वारा फोन पर सूचना देकर भोजन व पानी की व्यवस्था की मांग की। जिस पर तत्काल क्लब के सदस्यों द्वारा ट्रेन के 20 कर्मचारियों के भोजन पानी व बिस्कुट की व्यवस्था कर दोपहर 2:00 बजे के दौरान गोंदिया रेलवे स्टेशन पर स्पेशल ट्रेन के पहुंचने पर उन्हें उपलब्ध करवाया गया। विशेष यह है कि लॉकडाउन के दौरान नॉनस्टॉप चलने वाली ऑक्सीजन स्पेशल ट्रेन के कर्मचारियों को कहीं भी भोजन और पानी उपलब्ध ना होने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन गोंदिया लायंस क्लब हेल्पलाइन को इसकी जानकारी मिलते ही उपरोक्त स्टाफ के लिए पूरी व्यवस्था करने के साथ ही रात के भोजन की व्यवस्था के लिए नागपुर लायंस क्लब के सदस्यों से संपर्क कर व्यवस्था करने का अनुरोध किया जिस पर सभी कर्मचारियों की रात के भोजन की व्यवस्था नागपुर में लायंस क्लब द्वारा की गई। गोंदिया में लायंस क्लब के सदस्य लायन मनोज डोहरे, लायन कालूराम अग्रवाल ,लायन मनोज दुर्गानी, लायन प्रतीक कदम, आशु अग्रवाल द्वारा इस मानवता के कार्य को अंजाम दिया गया।

 

Share Post: