बुलंद गोंदिया। गडचिरोली परीक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक संदीप पाटिल गोंदिया जिले के दौरे पर आने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में13 फ़रवरी को आयोजित पत्र परिषद में जानकारी देते हुए बताया कि नक्सली गतिविधियों के खिलाफ 3 राज्यों जिसमे महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ व मध्य प्रदेश का इंटरस्टेट पुलिस का संयुक्त अभियान निरंतर चल रहा है। तथा गोंदिया जिले में नक्सली गतिविधियों पर पुलिस द्वारा काफी हद तक नियंत्रण किया गया है। आगे उन्होंने पत्रकारों के विभिन्न सवालों का जवाब देते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा नागरिकों की समस्याओं को हल करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। जिसके लिए अपराधों पर लगाम लगाने के लिए नागरिकों का सहयोग भी आवश्यक है। जिसके लिए प्रत्येक गांव में महिलाओं की सुरक्षा समिति का गठन, ग्राम सुरक्षा दल का निर्माण, शहर में वार्ड सुरक्षा दल तथा ई.पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाएंगी। अपने दौरे के दौरान पुलिस थानों का निरीक्षण किए जाने पर पुलिस कर्मियों को हिदायत दी कि थाने में आने वाले फरियादी को अपने परिवार के सदस्य के रूप में मानकर कार्य करें जिससे पुलिस व जनता के बीच आपसी तालमेल बना रहे। इसके साथ उन्होंने जानकारी दी कि नक्सलग्रस्त आदिवासी दुर्गम क्षेत्रों के पढ़े लिखे युवा बेरोजगारों के लिए विभिन्न मल्टीनेशनल कंपनियों के माध्यम से उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार उपलब्ध करवाया जा रहा है। जिसके लिए समय-समय पर कैंप का आयोजन किया जाता है। तथा नक्सलग्रस्त क्षेत्रों के विकास के लिए केंद्र सरकार की 3 योजनाओं व राज्य सरकार की योजनाओं से प्राप्त होने वाली निधि से विकास कार्य पुलिस विभाग के माध्यम से किए जा रहे हैं। तथा जल्द ही राज्य में दो चरणों में पुलिस भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएंगी। गोंदिया जिले के निर्माण को 22 वर्ष होने के बावजूद कारागृह का निर्माण नहीं हो पाया इस संदर्भ में उन्होंने कहा कि इस मामले में वह पुलिस विभाग द्वारा अपनी पूरी प्रक्रिया पूर्ण कर 6 माह के अंदर कारागृह के लिए भूमि उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे साथ ही भारत बटालियन का हेड क्वार्टर वर्तमान में नागपुर में है, उसे गोंदिया में स्थानांतरित करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर गोंदिया में शुरू करवाया जाएगा जिससे आवश्यकता होने पर स्थानीय पुलिस को एसआरपीएफ का सहयोग भी मिल सके। आयोजित पत्र परिषद में जिला पुलिस अधीक्षक विश्व पानसरे एवं अपर पुलिस अधीक्षक देवरी कैंप अतुल कुलकर्णी उपस्थित थे।
गोंदिया जिले में नक्सली गतिविधियां नियंत्रण में, 3 राज्यों के इंटरस्टेट पुलिस का चल रहा संयुक्त अभियान- संदीप पाटिल





