शिवसागर डेयरी दासगांव पर छापा, डेयरी सील संदिग्ध पनीर, दही, क्रीम सहित सैकड़ों किलो दुग्ध पदार्थ नष्ट

बुलंद गोंदिया। जिले में दूध एवं दुग्धजन्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जिला स्तरीय दूध मिलावट प्रतिबंधक समिति ने शिवसागर डेयरी दासगांव पर छापामार कार्रवाई की। अपर जिलाधिकारी एवं समिति अध्यक्ष अभिजीत घोरपड़े के नेतृत्व में सुबह 7 बजे की गई कार्रवाई में डेयरी में भारी अस्वच्छता पाई गई।
जांच में डेयरी का FSSAI लाइसेंस समाप्त पाया गया, इसके बावजूद व्यवसाय जारी था। खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड भी नहीं मिला।
कार्रवाई के दौरान 18 किलो पनीर, 90 किलो दही, 20 किलो दूध, 17 किलो क्रीम, 15 किलो छाछ और 2 किलो खोवा बरामद हुआ। इसके अलावा एक अज्ञात रसायन भी मिला। दुग्ध पदार्थों पर लेबल और उत्पादन तिथि दर्ज नहीं थी।
अन्न एवं औषधि प्रशासन ने पनीर, दही, क्रीम और अज्ञात रसायन के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। वहीं संदिग्ध एवं अस्वच्छ दुग्ध पदार्थों को नष्ट कर डेयरी को तत्काल बंद कर सील कर दिया गया।


वजन कांटा भी जब्त
इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटों का सत्यापन नहीं कराने तथा वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं करने पर वैध मापन विभाग ने संबंधित संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वजन कांटा जब्त किया।
कार्रवाई में FDA, दुग्ध व्यवसाय विकास विभाग, वैध मापन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में दूध एवं दुग्धजन्य पदार्थों की अचानक जांच की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
मिलावट की सूचना देने की अपील
नागरिकों से दूध, पनीर, खोवा, दही या घी में मिलावट अथवा अस्वच्छ तरीके से व्यवसाय किए जाने की जानकारी मिलने पर प्रशासन को सूचित करने की अपील की गई है। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है।

Share Post: