जिलाधिकारी कार्यालय में शॉर्ट सर्किट से लगी आग सतर्कता से टला बड़ा हादसा

बुलंद गोंदिया। गोंदिया जिलाधिकारी कार्यालय में गुरुवार 4 जून की दोपहर अचानक निवासी उप जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई किंतु सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।

गौरतलब है कि भीषण गर्मी के चलते आग लगने की घटनाओं में जिले में काफी बढ़ोतरी हो रही है जिसमें अनेक मामले शॉर्ट सर्किट से आग लगने के सामने आ रहे हैं।
इस प्रकार का एक मामला गुरुवार 4 जून की दोपहर 3 से 3:30 बजे के दौरान सामने आया जब जिलाधिकारी कार्यालय के प्रथम तल पर स्थित निवासी उप जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर विद्युत लाइन में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई।
आग लगी देखते ही तत्काल परिसर में हड़कंप मच गया किंतु जिलाधिकारी के अंगरक्षक द्वारा तत्काल अग्निशमन यंत्र लाकर आग पर फायर किया जिससे तत्काल आग बुझ गई और एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
रात में होता तो बड़ी घटना घटित होती
जिलाधिकारी कार्यालय में दिन में ही शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना घटित हुई यदि यह हादसा रात में होता तो आग विकराल रूप धारण कर सकती थी लेकिन दिन में आग लगने से तत्काल इस और ध्यान जाने से आग बढ़ नहीं पाई वह तत्काल उसे बुझा लिया गया जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

Share Post: