महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के लिपिक अमित पवार ने शासकीय आदेश की अवहेलना रामनगर थाने में मामला दर्ज

बुलंद गोंदिया। महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण कार्यालय गोंदिया में कार्यरत वरिष्ठ लिपिक के द्वारा शासकीय कार्य के लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिए गए आदेश की अवहेलना किए जाने पर फरियादी एंटी करप्शन विभाग गोंदिया के पुलिस निरीक्षक की शिकायत पर रामनगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता के पास 11मई को एक लोक सेवक द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने के संदर्भ में शिकायत दर्ज करवाई गई थी जिसपर भ्रष्टाचार निवारक अधिनियम के तहत संबंधित लोकसेवक के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई किया जाना आवश्यक था।
इस हेतु शिकायतकर्ता को तत्काल शासकीय पंच की आवश्यकता थी जिसके लिए शासकीय सेवक सेवा पंच के प्रावधान के अंतर्गत अभियंता महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण गोंदिया को एक पत्र दिया गया था। जिसमें एक गोपनीय अभियान के प्रयोजन के लिए दो वर्ग तीन के कर्मचारी जो पंच के रूप में कार्य करेंगे को भेजने का अनुरोध किया गया था।
उस पत्र के अनुपालन में महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण गोंदिया के अधिकारी द्वारा विभाग में कार्यरत वरिष्ठ लिपिक अमित रमेश पवार को शासकीय कार्य हेतु पंच साक्षी के रूप में कार्य करने के लिए नियुक्त किया और 11 मई 2026 को एंटी करप्शन ब्यूरो कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश देते हुए लिखित आदेश जारी किया।
आदेश मिलने पर लिपिक ने स्पष्ट रूप से मना करते हुए लिखित आदेश का उल्लंघन कर मजिप्रा परिसर से चला गया उसके पश्चात अपना मोबाइल फोन भी बंद कर दिया गया। कार्यालय प्रमुख द्वारा दिए गए आदेश के अनुसार शासकीय कार्य के पालन के लिए उपस्थित ना होते हुए शासकीय कार्य करने में असफल रहा तथा शासकीय कर्तव्य से बचने के लिए जानबूझकर इस प्रकार का कार्य कर आदेश की अवहेलना कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न कर वह प्रशासन को असुविधा में डाला जिससे आरोपी का आचरण भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाला प्रतीत होता है।
उसके इस कृत्य के लिए रामनगर पुलिस थाने में फरियादी उमाशंकर उगले पुलिस निरीक्षक वह प्रभारी उप अधीक्षक एंटी करप्शन ब्यूरो गोंदिया की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच रामनगर पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी पुलिस निरीक्षक बोरकुटे के मार्गदर्शन में जांच अधिकारी महिला पुलिस उप निरीक्षक काजल नामदे द्वारा की जा रही है।

Share Post: