गर्भवती माताओं के लिए गर्भसंस्कार एवं योग शिविर का आयोजन ,शिवणी आयुष्मान आरोग्य मंदिर में गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच; सुरक्षित प्रसूति और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया जागरूक

बुलंद गोंदिया (आमगांव)। माता एवं शिशु का स्वास्थ्य बेहतर बनाने तथा सुरक्षित प्रसूति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आमगांव तहसील के आयुष्मान आयुष आरोग्य मंदिर, शिवणी में 23 नवंबर को परिसर की अतिजोखिम वाली गर्भवती माताओं के लिए विशेष गर्भसंस्कार एवं योग शिविर का आयोजन किया गया। तहसील स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वेदप्रकाश चौरागड़े के मार्गदर्शन में आयोजित यह शिविर उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।

शिविर में वैद्यकीय अधिकारी डॉ. त्रिवेणी रहांगडाले ने उपस्थित सभी गर्भवती महिलाओं की विस्तृत स्वास्थ्य जांच की। इस दौरान उन्होंने गर्भावस्था में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने, सकारात्मक विचार रखने, तनावमुक्त जीवन जीने तथा संतुलित जीवनशैली अपनाने के संबंध में मार्गदर्शन किया। साथ ही गर्भसंस्कार का शिशु के सर्वांगीण विकास पर होने वाले सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी।

योग शिक्षिका सीमा पटले ने गर्भवती महिलाओं को दैनिक जीवन में योग के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने गर्भावस्था के दौरान सुरक्षित योगासन एवं प्राणायाम का प्रात्यक्षिक कराते हुए आवश्यक जानकारी दी।

स्वास्थ्य कर्मियों ने किए विशेष प्रयास

शिविर को सफल बनाने में स्वास्थ्य सेविका सोनिया बिसेन एवं रविकला पडोळे ने विशेष परिश्रम किया। शिविर में परिसर की गर्भवती महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सुरक्षित मातृत्व एवं स्वस्थ शिशु के उद्देश्य से आयोजित यह पहल महत्वपूर्ण साबित हुई।

Share Post: