बुलंद गोंदिया। गोंदिया तहसील के चांदनीटोला (नागराधाम) स्थित श्री कालभैरव मंदिर ट्रस्ट की ओर से प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्री कालभैरव जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन 1 दिसंबर 2026, मंगलवार को किया जा रहा है। इस अवसर पर दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों के अंतर्गत बाबा का अभिषेक, आरती, भव्य पालकी शोभायात्रा, हवन-पूजन, कन्या भोज एवं महाप्रसाद सहित भजन संध्या और देवी जागरण का आयोजन होगा।
30 नवंबर से धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ
महोत्सव का शुभारंभ 30 नवंबर, सोमवार को रात्रि 8 से 10 बजे तक श्री कालभैरव बाबा के अभिषेक एवं आरती के साथ होगा। वहीं 1 दिसंबर को सुबह 8 बजे जन्मोत्सव एवं आरती के पश्चात सुबह 9 बजे बाबा की भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली जाएगी। सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक हवन-पूजन होगा। इसके बाद दोपहर 2 से शाम 7 बजे तक कन्या भोज एवं भव्य महाप्रसाद (भंडारा) आयोजित किया जाएगा।
देवी जागरण में गूंजेंगे भक्ति के स्वर
महोत्सव का विशेष आकर्षण 1 दिसंबर को रात्रि 8 बजे से होने वाली भव्य भजन संध्या एवं देवी जागरण रहेगा। इसमें छत्तीसगढ़ की स्टार गायिका मिथलेश्वरी सेन अपने 36 कलाकारों की टीम के साथ पहली बार नागराधाम में प्रस्तुति देंगी। मिट्ठू म्यूजिकल ग्रुप, बोडरा (गुरुर), जिला बालोद (छत्तीसगढ़) द्वारा रंग-बिरंगी एवं आकर्षक धार्मिक झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी।
दीप प्रज्वलित कर बाबा का करें स्वागत
मंदिर ट्रस्ट की ओर से समस्त ग्रामीण एवं शहरी श्रद्धालुओं से पालकी शोभायात्रा के दौरान अपने घरों में दीप प्रज्वलित कर बाबा का स्वागत करने तथा यथाशक्ति दान-दक्षिणा एवं अन्नदान करने की अपील की गई है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से सहपरिवार उपस्थित होकर धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने एवं बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।
कार्यक्रम श्री कालभैरव मंदिर के समीप जिला परिषद स्कूल के प्रांगण, नागराधाम में आयोजित होगा।
श्री कालभैरव जन्माष्टमी के प्रथम संयोजक एवं मार्गदर्शक अजय सेठिया (मुंबई) हैं। आयोजन श्री कालभैरव मंदिर ट्रस्ट चांदनीटोला (नागराधाम), समस्त ट्रस्ट सदस्यों एवं चांदनीटोला, नागराधाम तथा कटंगटोला के ग्रामवासियों के सहयोग से किया जा रहा है।





