सड़क अर्जुनी तहसील के चिखली गांव की सनसनीखेज घटना; सुबह 7 बजे हुआ वारदात का खुलासा, पुलिस जांच में जुटी
बुलंद गोंदिया। जिले की सड़क अर्जुनी तहसील के चिखली गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी ही पत्नी के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
मृतका की पहचान रामकला जागेश्वर शिवणकर (41) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम जागेश्वर आसाराम शिवणकर (46) बताया गया है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर की रात परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने पत्नी के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे इस वारदात का खुलासा हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही डुग्गीपार पुलिस थाने के निरीक्षक कमलेश सोनटक्के पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
हत्या के पीछे की वजह अब भी रहस्य
इस जघन्य वारदात के पीछे आखिर क्या कारण था, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो पाया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एक ही परिवार में हुई इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक और दहशत का माहौल है। हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।






