तेंदुए का शिकार मुख्य वन संरक्षक कल्याण कुमार ने घटना स्थल का किया निरीक्षण

3 संदिग्ध आरोपी हिरासत में
बुलंद गोंदिया। गोरेगांव तहसील के अंतर्गत आने वाले तिल्ली- मोहगांव निवासी देवराम सोनवाने के खेत परिसर के कुए में एक तेंदुए उसके कुछ ही दूरी पर दूसरे तेंदुए व नीलगाय का शिकार कर अंगों को काटकर फेंका गया था। वन्यजीवों के शिकार का गंभीर मामला सामने आने पर 7 जनवरी को मुख्य वन संरक्षक नागपुर पी. कल्याण कुमार द्वारा गोंदिया पहुंचकर वन विभाग के स्वान पीटर व दल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस मामले में कल्याण कुमार ने जानकारी दी कि शिकार रात के समय बिजली का करंट लगाकर किए जाने की संभावना है। तथा इस मामले में 3 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। विशेष यह है कि गत कुछ दिनों में जिले में संरक्षित वन क्षेत्रों से लगे खेत परिसर के आसपास विद्युत करंट लगाकर वन्यजीवों का शिकार किए जाने के मामले सामने आ रहे हैं। उपरोक्त मामले में विद्युत करंट लगाकर शिकार किया गया है, अथवा जादू टोने के उद्देश्य से इस मामले का खुलासा पूरी जांच के पश्चात ही सामने आ पाएगा। इस मामले में पी. कल्याण कुमार ने जानकारी दी कि वन्यजीव शिकार मामले में जल्द ही आरोपियों की तलाश कर वन कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएंगी। इस दौरान गोंदिया के उपवन संरक्षक कुलराज सिंग मौजूद थे।

Share Post: