नकली जेवरात थमाकर ज्वेलर्स को चूना लगाने वाली महिला गिरफ्तार, व्हाट्सएप ग्रुप की सतर्कता से मिली सफलता

बुलंद गोंदिया। (संवाददाता तिरोड़ा) – तिरोड़ा शहर के सराफा बाजार में नकली आभूषणों के जरिए ठगी करने वाली एक शातिर महिला को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी महिला ने शहर के कई प्रतिष्ठित ज्वेलर्स को अपना निशाना बनाया था।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार 25 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे रूपा सतीश पवार (36) नामक महिला ‘तारसेवाला ज्वेलर्स’ पहुंची। उसने पुराने सोने के आभूषण बेचने और नई सोने की चेन खरीदने का नाटक किया। इस दौरान महिला ने असली बताकर पॉलिश किए हुए नकली आभूषण दुकानदार को थमा दिए और करीब 30,500 रुपये की ठगी कर रफूचक्कर हो गई।
व्हाट्सएप ग्रुप और सीसीटीवी ने बिछाया जाल
ठगी का अहसास होते ही घटना की जानकारी और संदिग्ध महिला के सीसीटीवी फुटेज ‘व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा किए गए। इसी बीच, महिला अगली ठगी की नियत से ‘पटले ज्वेलर्स’ पहुंची। वहां के संचालकों ने व्हाट्सएप पर वायरल फोटो और हुलिए के आधार पर महिला को तुरंत पहचान लिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस उप निरीक्षक प्रियंका बैंस और हवलदार नितेश बावने की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी रूपा पवार को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि पकड़ी गई महिला ने उसी दिन कुंभारे ज्वेलर्स और भरने ज्वेलर्स में भी इसी तरह की ठगी को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है।यह कार्रवाई थाना प्रभारी अमित वानखेड़े के मार्गदर्शन में पीएसआई प्रियंका बैंस, पीएसआई कोंडे, हवलदार नितेश बावने और कांस्टेबल शैलेश दमाहे द्वारा की गई। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं।

– मामले की जांच शुरू
आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे सघन पूछताछ जारी है। प्राथमिक जांच में कई ज्वेलर्स के साथ ठगी की बात सामने आई है। दुकानदार किसी भी अनजान व्यक्ति से पुराने जेवर खरीदते समय पूरी सावधानी बरतें।”
– अमित वानखेड़े, पुलिस निरीक्षक, तिरोड़ा

Share Post: