बुलंद गोंदिया। आमगांव पुलिस थाना अंतर्गत बोथली के खेत परिसर में चंद्रशेखर भास्कर दहीकर 61 वर्ष की हत्या का स्थानीय अपराध शाखा ने महज 12 घंटे में खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने अजय शामराव ब्राह्मणकर (21 वर्ष, निवासी बोथली) को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, जमीन के सौदे में टोकन राशि वापस करने को लेकर हुए आर्थिक विवाद के चलते हत्या की गई।
ईंट से वार कर की हत्या, झाड़ियों में छिपाया शव
27 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11.30 बजे पुलिस को बोथली के खेत परिसर में एक व्यक्ति की हत्या होने की सूचना मिली। पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची, जहां मृतक की पहचान चंद्रशेखर भास्कर दहीकर (61 वर्ष) के रूप में हुई। अज्ञात आरोपी द्वारा ईंट से सिर और छाती पर वार कर हत्या किए जाने की शिकायत पर आमगांव पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 686/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया।
जमीन का सौदा रद्द होने से बढ़ा विवाद
पुलिस जांच के अनुसार, मृतक ने सितंबर 2026 में आमगांव स्थित अपनी जमीन की बिक्री का सौदा अजय ब्राह्मणकर की मध्यस्थता से किया था। इस सौदे में खरीदार से 5 लाख रुपये टोकन राशि ली गई थी, जिसमें से 4 लाख रुपये अजय के बैंक खाते में रखे गए थे।
जमीन के दस्तावेजों में खामियां होने के कारण रजिस्ट्री नहीं हो सकी और सौदा रद्द हो गया। इसके बाद 27 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे तक टोकन राशि लौटाना तय था। पुलिस के मुताबिक, अजय ने उक्त राशि में से साढ़े तीन लाख रुपये शेयर बाजार में इंट्राडे ट्रेडिंग के दौरान गंवा दिए थे। इसी कारण उसके पास पैसे लौटाने की व्यवस्था नहीं थी।
पूछताछ में हत्या की कबूलनामा देने का पुलिस का दावा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा ने जांच शुरू की। पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में गोपनीय जानकारी और तकनीकी जांच के आधार पर अजय ब्राह्मणकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने 26 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे मृतक के घर के पास ईंट से सिर और छाती पर वार कर हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद शव को घर के सामने झाड़ियों में छिपाने की जानकारी भी सामने आई। आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आमगांव पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे और अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक अमरदीप खाडे, राजू मिश्रा, तुलसीदास लुटे, दीक्षितकुमार दमाहे, विठ्ठलप्रसाद ठाकरे, महेश मेहर, संजय चव्हाण, सुबोध बिसेन, सोमेन्द्रसिंह तुरकर, रियाज शेख, राजकुमार खोटेले, भोजराज बहेकार, इंद्रजीत बिसेन, राकेश इंदुरकर, हंसराज भांडारकर, छगन विठ्ठले, कुणाल बारेवार, निखिल मेश्राम, शैलेश निनावे, राम खंदारे, इमरान सैय्यद, विलेश ठाकरे तथा साइबर सेल के सहायक पुलिस निरीक्षक देविदास ठमके, योगेश राहिले और श्रेयस लांबट ने योगदान दिया।








