बिजली के करंट से चीतल का शिकार, वन विभाग की छापेमारी , बाकलसर्रा में खाल और मांस जब्त; पांच आरोपियों पर मामला दर्ज, दो फरार

बुलंद गोंदिया। गोंदिया वन विभाग के सालेकसा वन परिक्षेत्र अंतर्गत बाकलसर्रा परिसर में बिजली का करंट प्रवाहित कर चीतल का शिकार किए जाने का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चीतल की ताजा खाल, मांस और शिकार में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की। मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। इनमें से दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

गोपनीय सूचना पर वन विभाग की छापेमारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को वन विभाग को बाकलसर्रा गांव के जंगल क्षेत्र में बिजली का करंट छोड़कर संरक्षित वन्यप्राणी चीतल का शिकार किए जाने की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान चीतल की ताजा चित्तीदार खाल, मांस और शिकार से संबंधित सामग्री बरामद हुई।

वन अधिकारियों ने पंचों की उपस्थिति में घटनास्थल का पंचनामा तैयार कर पूरा मुद्देमाल जब्त किया। जब्त खाल और मांस के नमूने चिकित्सकीय एवं न्यायवैज्ञानिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

इस प्रकरण में नरेंद्र श्रीराम चौडाये (26), दिनेश भरतलाल मेश्राम (26), राजू भागचंद उईके (30), भरतलाल किसनलाल मेश्राम (60) और कृष्णा बिसराम चौडाये (55), सभी निवासी बाकलसर्रा, तहसील सालेकसा, जिला गोंदिया, के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39, 48, 50 और 51 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें से दो आरोपी फरार हैं। वन विभाग उनकी तलाश कर रहा है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई

यह कार्रवाई उपवनसंरक्षक पवन कुमार जोग और सहायक वनसंरक्षक सचिन डोंगरवार के मार्गदर्शन में सालेकसा वन परिक्षेत्र अधिकारी अतुल वाळके के नेतृत्व में की गई। टीम में क्षेत्र सहायक जे. जी. खान, क्षेत्र सहायक चौव्हान, प्रदीप भंडारकर, किशोर फुंडे, विनोद भेंडारकर, पाऊलझगडे, सुलाखे, सुनील बारसे सहित वनरक्षक एवं वनकर्मचारी शामिल थे।

वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वन्यजीवों के अवैध शिकार का गंभीर मामला उजागर हुआ है। विभाग द्वारा फरार आरोपियों की तलाश और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Share Post: