मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लिया था तत्काल संज्ञान; 305 तहसीलों के लिए राहत उपायों का प्रावधान
बुलंद गोंदिया। सूखे की मार झेल रहे किसानों के लिए राहत की उम्मीद जगी है, महाराष्ट्र शासन द्वारा 14 अक्टूबर 2026 को जारी शासन निर्णय में राज्य के 305 तहसीलों को शामिल किया गया है। गोंदिया जिले की तिरोड़ा तहसील पहले ही सूखाग्रस्त सूची में शामिल थी। अब गोंदिया, आमगांव, देवरी, सालेकसा, अर्जुनी मोरगांव, सड़क अर्जुनी और गोरेगांव सहित शेष सात तालुकाओं का भी समावेश किया गया है।
गौरतलब है कि विधायक विनोद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर जिले की सभी तालुकाओं को सूखाग्रस्त घोषित करने और संकटग्रस्त किसानों को आर्थिक राहत देने की मांग की थी। इस मांग पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए थे।
शासन निर्णय के तहत प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व वसूली में राहत, फसल ऋण वसूली में रियायत, कृषि पंपों के बिजली बिल में छूट, विद्यार्थियों की परीक्षा शुल्क माफी, रोजगार गारंटी के तहत काम और पेयजल उपलब्ध कराने जैसे उपायों का प्रावधान है।
साथ ही जिलाधिकारी को तत्काल फसल नुकसान के पंचनामे कराकर संपूर्ण प्रस्ताव कृषि विभाग के माध्यम से शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। अब किसानों को इन राहत उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र लाभार्थियों तक सहायता पहुंचने का इंतजार है।






