बालाघाट के दो निवासी गिरफ्तार, रेलटोली रेलवे स्टेशन से रेस्ट हाउस मार्ग पर नाकाबंदी कर पुलिस ने पकड़ा
बुलंद गोंदिया। गोंदिया। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 2 किलो 915 ग्राम गांजा, एक प्लैटिना मोपेड और अन्य सामग्री सहित कुल 1 लाख 68 हजार 250 रुपये का माल जब्त किया गया। आरोपी शरीर पर प्लास्टिक चिपकाकर तथा टिफिन डिब्बों में गांजा छिपाकर ले जा रहे थे।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे तथा अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे ने जिले में गांजे का अवैध भंडारण, परिवहन और बिक्री करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में पुलिस दल 25 अक्टूबर 2026 की रात गोंदिया ग्रामीण थाना क्षेत्र में गश्त कर रहा था।
इसी दौरान पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि रेलटोली रेलवे स्टेशन परिसर में दो व्यक्ति दोपहिया वाहन से गांजा लेकर बिक्री के लिए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस दल ने सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करते हुए रेलटोली रेलवे स्टेशन से रेस्ट हाउस की ओर जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी की।

शरीर पर चिपकाया था गांजा, टिफिन में भी मिला माल
कुछ समय बाद पुलिस ने दोपहिया वाहन से आ रहे दो संदिग्धों को रोककर पूछताछ की। उनकी पहचान गोमाजी भागन चौधरी (52) और लक्ष्मीचंद बघेले (52), दोनों निवासी शिवणघाट, जिला बालाघाट, मध्य प्रदेश के रूप में हुई।
पंचों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर दोनों के शरीर पर प्लास्टिक चिपकाकर उसमे गांजा छिपाया गया था। इसके अलावा उनके पास मौजूद थैलियों में रखे तीन टिफिन डिब्बों से भी हरे, नमीयुक्त पत्तों, फूलों और बीजों वाला गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 2.915 किलो गांजा जब्त किया। मामले में रामनगर पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई के लिए दोनों आरोपियों को रामनगर पुलिस के सुपुर्द किया गया है।





