डॉ. परिणय फुके विधानपरिषद के उम्मीदवार भाजपा ने 5 नामों की सूची जारी 12 जुलाई को होगा महाराष्ट्र विधानपरिषद की 11 सीटों के लिए चुनाव

बुलंद गोंदिया। महाराष्ट्र विधानपरिषद की 11 सीटों के लिए आगामी 12 जुलाई को होने जा रहे चुनाव को लेकर भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने आज 1 जुलाई को पांच नामों की घोषणा कर सूची जारी कर दी है।
भाजपा के केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा जारी सूची के अनुसार वरिष्ठ भाजपा के नेताओं को जगह दी गई है। इनमें पंकजा मुंडे, डॉ. परिणय फुके, सदाभाऊ खोत, योगेश तिलेकर, अमित गोरखे के नाम को स्वीकृति प्रदान की गई है।

डॉ. परिणय फुके, विदर्भ के कुनबी समाज के बड़े नेता व आवाज है। डॉ. फुके, उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के एकदम करीबी व कट्टर समर्थक माने जाते है। वे वर्ष 2016 से वर्ष 2022 तक विधान परिषद सदस्य रहे है। उनके जनहितकारी कार्यो को देख उन्हें कुछ समय के लिए मंत्री व भंडारा-गोंदिया जिले के पालकमंत्री बनने का भी गौरव प्राप्त हुआ है।

अब उनके नाम को पुनः एकबार भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा नामांकित किये जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है।

भाजपा द्वारा मिले सम्मान व विश्वास पर डॉ. फुके ने माना वरिष्ठों का आभार

आगामी विधान परिषद चुनाव हेतु पक्ष द्वारा उन्हें नामांकित कर जगह देने पर डॉ. परिणय फुके ने कहा, भारतीय जनता पार्टी के पार्टी नेतृत्व ने मुझ पर जो फिर से विश्वास दिखाया और मुझे विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकित किया, उस हेतु मैं देश के प्रधानमंत्री मा. नरेंद्र मोदी , पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा , गृहमंत्री अमित शाह , केंद्रीय मंत्री मा. नितिन गड़करी बी.एल. संतोष, राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस, हमारे नेता और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले का हृदय से आभारी हूँ।

फुके ने कहा, पक्ष द्वारा फिर एक बार मुझ पर विश्वास करने और विधान परिषद के माध्यम से जनता की सेवा करने का अवसर देने के लिए पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद देने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। पार्टी नेतृत्व ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उस पर मैं खरा उतरने का सदैव प्रयास करूँगा और भारतीय जनता पार्टी का एक सामान्य कार्यकर्ता बनकर पार्टी के लिए समर्पित भाव से कार्य करता रहूँगा।

Share Post: