मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आर्थिक सहायता की मांग
बुलंद गोंदिया। गत 15 दिनों से जारी सतत मूसलाधार बारिश के चलते गोंदिया और भंडारा जिले की संपूर्ण तहसीलों में बाढ़ के हालात निर्माण है। नदी-नाले उफान पर है, वही बाढ़ का पानी घरों में, गावों एवं खेत-खलिहानों में घुस गया है। इस गंभीर स्थिति पर हालातों का जायजा लेकर क्षेत्र के विधायक डॉ. परिणय फुके ने बाढ़ पीड़ितों को तत्काल आर्थिक नुकसान सहायता प्रदान करने राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एवं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर मांग की है।
पत्र में उन्होंने लिखा कि, दोनों जिलों की सभी तहसीलें बाढ़ से प्रभावित है। अभी भी अनेक गाँव पानी से डूबे हुए है। अनेकों घरों में पानी घुसने से टूट गए, बड़ी संख्या में मवेशियों की मौत हुई , वही जीवित हानि भी हुई हैं। खेतो में पानी घुसने से फसलें बर्बाद हो गई है। हालात चिंताजनक है एवं जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।
विधायक डॉ. परिणय फुके ने कहा, अतिवृष्टि में हुए धान, घरों एवं अन्य नुकसानों का प्राथमिक अंदाजन अहवाल राज्य सरकार को भेजा गया है। इस प्रस्ताव पर सरकार तत्काल सकारात्मक कदम उठाकर दोनों जिलों के बाढ़ पीड़ितों को राहत प्रदान करें।






