गोंदिया शहर में 8 दिनों से नहीं उठ रहा कचरा नप कार्यालय में लोकेश यादव ने कचरा डालकर जताया विरोध, आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हम हर घर तिरंगा किंतु गोंदिया शहर में हर घर में हो रहा कचरा- लोकेश यादव

बुलंद गोंदिया। गोंदिया नगर परिषद कि कचरे की समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो पा रहा। जिसके चलते गत 8 दिनों से गोंदिया शहर का कचरा उठ नहीं पा रहा है, तथा कचरा उठाने के लिए घंटा गाड़ियां बंद पड़ी हुई है जिसके चलते पूरे शहर में बदहाल स्थिति हो चुकी है। जिसका विरोध कर पूर्व पार्षद लोकेश (कल्लू) यादव द्वारा प्रतीकात्मक रूप से नप कार्यालय में कचरा डालकर इसका विरोध जताया तथा नगर परिषद द्वारा जल्द ही इस समस्या का हल नहीं किया गया तो नगर परिषद में शहर का कचरा लाकर डालने की चेतावनी दी। तथा उन्होंने कहा कि देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है किंतु गोंदिया शहर में हर घर तिरंगा के स्थान पर हर घर में कचरे की स्थिति निर्माण हो गई है।
गौरतलब है कि 100 वर्ष से अधिक की पुरानी नगर परिषद में अब तक गोंदिया शहर से निकलने वाले कचरे की समस्या का समाधान नहीं हो पाया इतने वर्षों के बाद भी गोंदिया नगर परिषद का स्वयं का डंपिंग यार्ड वह घनकचरा प्रकल्प निर्माण नहीं हो पाया है। जिसके चलते एक निजी कंपनी को गत कुछ दिनों पूर्व शहर का कचरा पहुंचा कर रीसाइक्लिंग प्रक्रिया की जा रही थी किंतु गत 8 दिनों के पूर्व घनकचरा प्रकल्प का विरोध हिरडामाली ग्राम के नागरिकों द्वारा किये जाने के चलते प्रकल्प बंद होने के चलते गत 8 दिनों से गोंदिया शहर का कचरा उठा नहीं पा रहा है।
तथा नागरिकों के घर घर जाकर कचरा लेने वाली घंटा गाड़ियां भी बंद पड़ी हुई है जिसके चलते संपूर्ण शहर में कचरे की स्थिति निर्माण हो गई है। जिसका विरोध करते हुए 9 अगस्त क्रांति दिन के अवसर पर पूर्व पार्षद लोकेश यादव द्वारा एक हाथ ठेले में कचरा लेकर नगर परिषद कार्यालय में पहुंचकर विरोध करते हुए कचरा डाला गया किंतु इस दौरान वहां पर स्वच्छता विभाग के निरीक्षक द्वारा इस समस्या का जल्द निदान होने व 10 अगस्त बुधवार से शहर का कचरा नियमित उठाए जाने की जानकारी दी वह निवेदन किया कि फिलहाल कचरा ना डालें जिसके पश्चात लोकेश यादव द्वारा कचरा तो नहीं डाला गया लेकिन चेतावनी दी कि यदि कल 10 अगस्त से शहर का नियमित कचरा नहीं उठाया गया तो ट्रैक्टर के माध्यम से कचरा लाकर नगर परिषद के कार्यालयों में अधिकारियों के कक्ष में डाला जाएगा।
मरी सूअर नगर परिषद कार्यालय में डालकर किया था विरोध
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 में गोंदिया नगर परिषद द्वारा शहर में मृत मवेशियों को नियमित नहीं उठाए जाने के चलते पूर्व पार्षद लोकेश यादव द्वारा इसका त्रीव विरोध करते हुए मृत सूअरों को गोंदिया नगर परिषद कार्यालय में लाकर डाला था जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया था जिसके पश्चात प्रशासन द्वारा शहर से मृत मवेशियों को उठाने का कार्य तत्काल शुरू किया था।
आजादी का अमृत महोत्सव घर-घर तिरंगा किंतु शहर में बजबजा रही गंदगी
देश के आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव संपूर्ण देश मना रहा है तथा इसके लिए हर घर तिरंगा अभियान चलाने के लिए प्रशासन जुटा हुआ है , किंतु स्थानीय प्रशासन द्वारा हर घर झंडे के स्थान पर हर घर में कचरे की स्थिति निर्माण की गई है। जिससे आजादी के अमृत महोत्सव के पर्व पर शहर की स्थिति बदसूरत व बदहाल होती हुई दिखाई दे रही है।क्या प्रशासन इस और जल्द से जल्द कोई ठोस कदम उठाएगा।
त्योहारों का पर्व गंदगी का आलम
9 अगस्त को क्रांति दिवस व मुहर्रम के साथ ही आजादी का अमृत महोत्सव स्वतंत्रता दिवस व रक्षाबंधन के त्यौहार के साथ जन्माष्टमी गणेश उत्सव के पर्व भी जल्द ही शुरू होने वाले हैं। किंतु शहर की गंदगी की स्थिति बदहाल होती जा रही है जिसमें शहर में चारों ओर गंदगी ही गंदगी दिखाई दे रही है।
संक्रमण बीमारियों का बड़ा खतरा
बारिश के मौसम में चारों और गंदगी वह कचरा जमा होने से बड़े पैमाने पर संक्रमित बीमारी फैलने का खतरा निर्माण हो गया है। उल्लेखनीय है कि गत दिनों स्वाइन फ्लू जैसी घातक संक्रमण बीमारी की संभावना काफी बढ़ चुकी है। इसके अलावा मलेरिया, टाइफाइड व अन्य वर्षा जनित बीमारियों का खतरा भी इस कचरे के चलते गंभीर हो चुका है।

Share Post: