बुलंद गोंदिया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जरूरतमंद लोगों को निवास का लाभ केंद्र सरकार द्वारा चलाया जा रहा है। जिसमें लाभार्थियों का सर्वे कर प्रथम चरण में प्रपत्र ड सूची में नाम शामिल किया जाता है। तथा उपरोक्त सूची को ग्राम सभा में मंजूर कर वरिष्ठ स्तर पर भेजा जाता है। किंतु वर्ष 2016-17 में जिले के पात्र लाभार्थियों का नाम भेजा गया किंतु सर्वे के अनुसार तकनीकी के चलते अधिकांश लाभार्थियों का नाम ऑनलाइन सूची में प्रकाशित नहीं हुआ जिसमें अनेक ग्रामों से भेजी गई संख्या के अनुसार सिर्फ 1% ही नाम सूची में आया है। जिसमें तिरोड़ा तहसील के डोंगरगांव से 287 लाभार्थियों का नाम भेजा गया था किंतु उनमें से सिर्फ 2 लाभार्थियों का नाम पात्र सूची में आया तथा 285 अपात्र हुए। उसी प्रकार गोरेगांव तहसील के गणखेरा गांव से 512 लाभार्थियों का नाम भेजा गया जिसमें 7 लाभार्थियों का नाम शामिल हुआ है। इस प्रकार का मामला जिले के संपूर्ण तहसील में दिखाई दे रहा है। इसमें ऑनलाइन करते समय संबंधित कर्मचारी द्वारा तकनीकी गलती की जा रही है जिसके कारण प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ जरूरतमंदों को नहीं मिल पा रहा है। इस कारण लाभार्थियों के मन में आक्रोश ग्राम स्तर पर निर्माण हो रहा है। सूची में तकनीकी के चलते ग्राम के सरपंच पर आरोप लग रहे हैं। इस संदर्भ में तिरोड़ा गोरेगांव क्षेत्र के विधायक विजय राहंगडाले द्वारा पहल करते हुए जिला परिषद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से मुलाकात कर उन्हें इस प्रकार की तकनीकी खामी से अवगत कराया तथा मांग की की ऑनलाइन सूची में अपात्र दिखाए गए लाभार्थियों को फिर से प्रशासन की देखरेख में ग्राम सभा में वाचन कर फिर से पात्र कर लाभ दिया जाए जिससे जरूरतमंद लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिले। इसके लिए प्रत्येक तहसील के गट विकास अधिकारी को आदेश दिया जाए तथा यह गंभीर प्रश्न तत्काल हल करने का पत्र दिया इस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा 8 दिनों में उपरोक्त मामले का निवारण करने का आश्वासन दिया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत तकनीकी कारणों से अपात्र लाभार्थियों का करे समावेश- विजय राहंगडाले






