बुलंद गोंदिया। गोंदिया शहर में नागरिकों को पेयजल की आपूर्ति महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण द्वारा की जाती है लेकिन गत 2 दिनों से पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही जिसकी पूर्व सूचना मजिप्रा द्वारा नहीं दिए जाने से नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि ग्रीष्म काल में पानी की आवश्यकता अधिक हो जाती है। लेकिन अचानक 2 दिनों से पेयजल की आपूर्ति नहीं होने से नागरिकों के समक्ष पेयजल का संकट निर्माण हो गया है। गोंदिया शहर मैं नागरिकों को पेयजल की आपूर्ति महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण द्वारा की जाती है। हालांकि प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष जलापूर्ति किए जाने वाले जल स्त्रोत में पानी की कमी नहीं है इसके बावजूद अचानक जलापूर्ति नहीं होना यह प्रशासन की लापरवाही उजागर करता है। वर्तमान समय में कोरोना संक्रमण के चलते लाक डाउन ऊपर से पेयजल की आपूर्ति नहीं हो पा रही है जिसके चलते सामान्य नागरिक काफी परेशान हो रहे हैं। शासन के नियमानुसार जलापूर्ति नहीं होने की स्थिति में संबंधित विभाग द्वारा नागरिकों को पूर्व सूचना देना आवश्यक है। लेकिन अचानक आपूर्ति बंद होने के बावजूद विभाग द्वारा इसकी सूचना नागरिकों को नहीं दी गई है। हालांकि शुक्रवार को शहर के कुछ स्थानों में मामूली पेयजल आपूर्ति हुई लेकिन पानी इतना गंदा था कि पीना तो दूर उसे अन्य उपयोग में भी लाया नहीं जा सकता था।
आज से नियमित जलापूर्ति
बेमौसम बारिश के चलते नदी में पानी काफी गंदा हो चुका था जिसके चलते टंकियां कम भरी गई किंतु शुक्रवार शाम से जलापूर्ति नियमित की जाएंगी तथा आकस्मिक परिस्थिति में सूचना नहीं दी गई यदि तकनीकी खराबी आती तो इसकी पूर्व सूचना विभाग द्वारा दी जाती है।
– रत्नाकर चंद्रिकापुरे कार्यकारी अभियंता महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण गोंदिया।
पेयजल जलापूर्ति 2 दिनों से नहीं हुई नागरिकों को हो रही परेशानी,मजिप्रा ने नहीं दी पूर्व सूचना





