बुलंद गोंदिया।( अनिल मुनीश्वर)- सड़क अर्जुनी तहसील के अंतर्गत आने वाले डव्वा के विद्युत महावितरण कंपनी के केंद्र पर हजारों किसानों ने हल्ला बोल आंदोलन कर रास्ता जाम किया जिसके चलते घंटो तक गोंदिया- कोहमारा राष्ट्रीय महामार्ग जाम रहा। गौरतलब है कि महावितरण के डव्वा केंद्र के अंतर्गत 15 से 20 ग्रामों का समावेश है। वर्तमान समय में उपरोक्त ग्रामों की रबी की फसल पकने की कगार पर आ चुकी है। ऐसे समय में पानी की अत्यंत आवश्यकता होती है। लेकिन महावितरण द्वारा 6 से 8 घंटे तक देने वाली कृषि पंप की विद्युत आपूर्ति खंडित की जाती है। जिसके लिए किसानों द्वारा बार-बार निवेदन व मोर्चा निकालकर मांग की जा चुकी है। लेकिन वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किसानों की समस्याओं को महत्व नहीं दिया जा रहा जिसके चलते किसानों की फसलों को नुकसान पहुंच कर उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है। इसी के चलते शनिवार 3 अप्रैल को परिसर के किसान संगठित होकर हजारों की संख्या में डव्वा में जमा होकर महावितरण के खिलाफ हल्ला बोल आंदोलन किया तथा महावितरण के वरिष्ठ अधिकारियों के आने तक गोंदिया- कोहमारा राष्ट्रीय महामार्ग पर चक्का जाम कर दिया जिससे घंटो तक यातायात बाधित रहा। इस दौरान डुग्गीपार पुलिस थाने के निरीक्षक सचिन वांगड़े द्वारा मध्यस्था भी की गई ।आंदोलन स्थल पर महावितरण के कार्यकारी अभियंता फुलझेले द्वारा लिखित रूप से कृषि पंप के लिए अखंडित फुल वोल्टेज विद्युत आपूर्ति करने का आश्वासन दिया तथा किसानों की अन्य मांगों को वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष भेजे जाने का वादा जिसके पश्चात किसानों द्वारा आंदोलन खत्म किया गया ।विशेष यह है कि किसानों का यहां आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से तथा मोर्चे का नेतृत्व करने वालों ने शांतिपूर्ण तरीके से किसानों की समस्याओं का हल निकाला।






