बिहार निवासी 35 वर्षीय अमित चौधरी की हादसे में गई जान, रावणवाड़ी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया
बुलंद गोंदिया। जिले के रावणवाड़ी थाना अंतर्गत ग्राम मुरपार स्थित सिद्धिविनायक सॉल्वेंट मिल में एक हृदयविदारक औद्योगिक हादसा सामने आया है। मिल में काम करने वाले 35 वर्षीय मजदूर अमित चौधरी की मशीन की चेन में फंसने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मशीन की चेन में कटने से उसके शरीर के कई टुकड़े हो गए।
पुलिस में दर्ज जानकारी के अनुसार, मृतक अमित चौधरी (35), निवासी जिला बेगूसराय, बिहार, 25 नवंबर 2026 की रात करीब 12:01 से सुबह 4 बजे के बीच सिद्धिविनायक सॉल्वेंट मिल, मुरपार में काम कर रहा था। इसी दौरान वह मिल की मशीन की चेन की चपेट में आ गया। मशीन में कटने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद विजयकुमार चमनलाल अग्रवाल (53), निवासी जनक नगर, गड्डाटोली, गोंदिया की मौखिक रिपोर्ट पर रावणवाड़ी पुलिस ने 25 नवंबर को शाम 6:10 बजे आकस्मिक मृत्यु क्रमांक 40/2026, धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस जांच जारी
मामले की जांच रावणवाड़ी थाना के थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक रामदास शेवते के मार्गदर्शन में की जा रही है।
औद्योगिक सुरक्षा पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था और मशीनों पर आवश्यक सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के वास्तविक कारणों और सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।







