गोंदिया-तिरोड़ा मार्ग पर दांडेगांव बस स्टैंड के पास दर्दनाक हादसा; मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी देने की मांग
बुलंद गोंदिया। गोंदिया-तिरोड़ा महामार्ग पर दांडेगांव बस स्टैंड के समीप 25 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे पुलिस वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है। इस मामले दोषियो पर कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने गंगाझरी के पास चक्का जाम किया
हार्वेस्टर मशीन की मरम्मत के लिए निकले थे युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खडबांदा निवासी शिवप्रसाद कामडे और रितेश बावनकर अपने गांव में धान कटाई के लिए उपयोग होने वाली हार्वेस्टर मशीन की मरम्मत कराने के उद्देश्य से कार्तिक बिसेन को लेने सेजगांव पहुंचे थे। कार्तिक को साथ लेकर तीनों युवक बाइक से रवाना हुए थे।
इसी दौरान रात करीब 8:30 बजे दांडेगांव बस स्टैंड के पास सामने से आ रहे पुलिस वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस वाहन गंगाझरी पुलिस थाने का
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस वाहन गंगाझरी पुलिस थाने का था जिससे दुपहिया वाहन वह पुलिस वाहन की आमने-सामने की भिड़ंत हुई।
दोषियोंपर तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों का चक्का जाम
पुलिस वाहन की टक्कर से तीन युवकों की दर्दनाक मौत के मामले में 26 नवंबर की सुबह आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा दोषी वाहन चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर चक्का जाम किया जिस पर जिला पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर इस मामले में तत्काल कार्रवाई का आश्वासन आक्रोशित ग्रामीणों को दिया इसके पश्चात मामला कुछ शांत हुआ।
मृतकों के परिवारों को सहायता देने की मांग
इस हृदयविदारक दुर्घटना से मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक युवकों के परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता देने तथा प्रत्येक प्रभावित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की ।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
हादसे के बाद तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला सामान्य अस्पताल भेजे गए हैं। 26 नवंबर की सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी किए जाने की जानकारी है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस वाहन की टक्कर से हुई इस दर्दनाक घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में हादसे को लेकर शोक के साथ-साथ दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग भी जोर पकड़ रही है।






