बुलंद गोंदिया। गोंदिया-कोहमारा राज्य महामार्ग पर मुंडीपार के समीप गडचिरोली पुलिस दल के वाहन ने पीछे से एक दोपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दोपहिया सवार 54 वर्षीय महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में दोपहिया चालक को भी मामूली चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोहर राऊत अपनी पत्नी गीताबाई राऊत (54) और दो वर्षीय नाती ध्रुव राऊत के साथ दोपहिया वाहन से गोरेगांव जा रहे थे। इसी दौरान मुंडीपार के पास गडचिरोली पुलिस दल के वाहन ने उनकी दोपहिया को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गीताबाई राऊत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल बालक को तत्काल उपचार के लिए शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद गोरेगांव ग्रामीण अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति निर्माण होने की जानकारी है।
इस घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।







