महिला नेतृत्व को अवसर देकर जिले में पार्टी संगठन को करेंगे मजबूत – सांसद राजेंद्र जैन
गोंदिया में राष्ट्रवादी महिला कांग्रेस की जिला स्तरीय बैठक संपन्न; आगामी चुनावों को लेकर संगठनात्मक रणनीति पर मंथन
बुलंद गोंदिया। स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें नेतृत्व के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रयासरत है। आगामी जिला परिषद, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत चुनावों में महिलाओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपने के लिए पार्टी विशेष प्रयास करेगी। यह प्रतिपादन राष्ट्रवादी महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष वैशालीताई नागवडे ने किया।
रेलटोली स्थित राष्ट्रवादी कांग्रेस भवन के जनसंपर्क कार्यालय में गोंदिया जिला महिला राष्ट्रवादी कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष वैशालीताई नागवडे, सांसद राजेंद्र जैन, विधायक राजकुमार बडोले, वरिष्ठ नेत्री आभाताई पांडे, जिलाध्यक्ष प्रेमकुमार रहांगडाले, प्रदेश उपाध्यक्ष राजलक्ष्मी तुरकर, जिलाध्यक्ष रजनी गिऱ्हेपुजे तथा जिला परिषद उपाध्यक्ष सुरेश हर्षे प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
महिलाओं को मिलेगा नेतृत्व का अवसर – सांसद राजेंद्र जैन
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद राजेंद्र जैन ने कहा कि लोकप्रिय जननेता स्व. अजितदादा पवार के निधन से महाराष्ट्र ने जनता के सवालों के प्रति संवेदनशील और समर्पित नेतृत्व खो दिया है। सांसद प्रफुल पटेल के नेतृत्व में भंडारा एवं गोंदिया जिले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी विकास की नीतियों के साथ कार्य कर रही है। स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं से लेकर सहकारिता क्षेत्र तक पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी में मेहनत और निष्ठा से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाता है। आगामी जिला परिषद, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत चुनावों में महिला नेतृत्व को आगे लाने के लिए पार्टी विशेष पहल करेगी।

ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के अवसर देना जरूरी – वैशालीताई नागवडे
प्रदेशाध्यक्ष वैशालीताई नागवडे ने कहा कि स्व. अजितदादा पवार के असामयिक निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति पहुंची है। उनके सपनों को साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है। संगठन में महिला नेतृत्व को मजबूत करने के लिए सभी को मेहनत करनी होगी। आगामी स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनावों में महिलाओं के हाथों में सत्ता की चाबी सौंपने के उद्देश्य से कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि सुनेत्राताई पवार एवं सांसद प्रफुल पटेल के नेतृत्व में पार्टी संगठन को मजबूत किया जा रहा है। सामान्य परिवारों की महिलाओं को सम्मान और राजनीतिक मंच देने का कार्य राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी कर सकती है। कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं। आज महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को रोजगार के साधन उपलब्ध कराना भी जरूरी है। इसके लिए पार्टी निश्चित रूप से प्रयास करेगी।

महिला सशक्तीकरण को पार्टी की प्राथमिकता – विधायक राजकुमार बडोले
विधायक राजकुमार बडोले ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी छत्रपति शाहू महाराज, महात्मा ज्योतिबा फुले और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की विचारधारा को आगे बढ़ाने वाली पार्टी है। पार्टी में महिलाओं की प्रतिभा और कर्तृत्व का सम्मान किया जाता है। महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने में स्व. अजितदादा पवार और सांसद प्रफुल पटेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
बैठक में गोंदिया जिले की महिला राष्ट्रवादी कांग्रेस की पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जिला एवं तहसील स्तर की पदाधिकारी तथा जिला परिषद, पंचायत समिति, नगर पंचायत एवं नगर परिषद की महिला सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।







