बुलंद गोंदिया। महाराष्ट्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को भारत निर्वाचन आयोग ने समयावधि बढ़ा दी है। इसके तहत मतदाता सूची में नामों को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख अब 13 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, नोटिस चरण की प्रक्रिया और दावे-आपत्तियों के निपटारे के लिए 25 नवंबर तक का समय दिया गया है। अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 31 अगस्त से 13 नवंबर 2026 तक रहेगी। वहीं, नोटिस जारी करने और दावे-आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया 31 अगस्त से 25 नवंबर तक पूरी की जाएगी।
महाराष्ट्र सहित देश के 19 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में 1 अक्टूबर 2026 को पात्रता तिथि मानकर विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। महाराष्ट्र में 31 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी।
मतदाताओं को अपने नाम, पते एवं अन्य विवरणों की जांच करने तथा मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर आवश्यक दावा या आपत्ति दर्ज कराने का अवसर देने के उद्देश्य से यह समयावधि बढ़ाई गई है।






