नगर परिषद में ‘सेवा से सम्मान’ कार्यक्रम का आयोजन सेवानिवृत्त उर्मिला पंधरे व अनिल बंसोड़ का सम्मान,10.94 लाख रुपये के धनादेश प्रदान

बुलंद गोंदिया। नगर परिषद की ओर से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान में ‘सेवा से सम्मान’ कार्यक्रम 30 अक्टूबर शुक्रवार को नगर परिषद के सभागृह में आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रकीर्ण विभाग से सेवानिवृत्त श्रीमती उर्मिला पंधरे तथा स्वच्छता विभाग के कर्मचारी अनिल ज्ञानीराम बंसोड़ का शाल एवं श्रीफल देकर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में श्रीमती उर्मिला पंधरे को सेवानिवृत्ति लाभ के रूप में 10 लाख 44 हजार 762 रुपये का धनादेश तथा अनिल बंसोड़ को 50 हजार रुपये का धनादेश नगराध्यक्ष सचिन शेंडे के हस्ते प्रदान किया गया।

इस अवसर पर नगराध्यक्ष सचिन शेंडे ने कहा कि नगर परिषद के कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति पर आयोजित सम्मान समारोह को अब ‘सेवा से सम्मान’ के नाम से संबोधित किया जाएगा। भविष्य में सेवानिवृत्त होने वाले सभी कर्मचारियों का भव्य सत्कार कर उन्हें उनकी सेवानिवृत्ति निधि भी सम्मान समारोह के दौरान ही प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नगर परिषद पर पूर्व में सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों की लगभग 3 से 4 करोड़ रुपये की बकाया राशि है। इसके भुगतान के लिए नगर परिषद की आमसभा में विशेष प्रस्ताव पारित कर राज्य सरकार से विशेष अनुदान की मांग की जाएगी।

इस अवसर पर पार्षद सुनील भालेराव, विजय रगड़े, अमर रंगारी, अजय अग्रवाल, चंद्रकुमार चुटे, रूपेश नशीने, पूर्व सभापति सुनील तिवारी, नगर परिषद के सेवानिवृत्त प्रशासकीय अधिकारी सी.ए. राने, वरिष्ठ लिपिक शिव हुकरे सहित नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन कर्मचारी संगठन के सुरेंद्र बंसोड़ ने किया।

Share Post: