मधुमक्खियों के हमले में जख्मी किसान की मौत खेत में फसल पर दवा का छिड़काव करते समय अचानक किया हमला

बुलंद गोंदिया। आमगांव तहसील के झालिया क्षेत्र में खेत में फसल पर दवा का छिड़काव करने गए 48 वर्षीय किसान पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल किसान रवींद्र पटले (48) की उपचार के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, रवींद्र पटले अपने खेत में फसल पर कीटनाशक का छिड़काव करने गए थे। छिड़काव के दौरान अचानक बड़ी संख्या में मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के लगातार डंक मारने से वे गंभीर रूप से घायल होकर खेत में ही बेहोश होकर गिर पड़ा ।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर रवींद्र पटले को तत्काल गोंदिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। किन्तु उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए गोंदिया के शासकीय अस्पताल भेजा गया है।
इस घटना से मृतक किसान के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। झालिया सहित आसपास के क्षेत्र में घटना को लेकर शोक व्याप्त है।गणेशोत्सव के दौरान हुई इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।

Share Post: