नायलॉन मांजे से पतंग उड़ाने पर 25 हजार का जुर्माना, बिक्री और भंडारण पर ढाई लाख का दंड ,नाबालिग बच्चों के पकड़े जाने पर अभिभावकों से वसूला जाएगा जुर्माना – पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे

बुलंद गोंदिया। नायलॉन और सिंथेटिक मांजे के कारण नागरिकों के गंभीर रूप से घायल होने के साथ ही जान जाने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा पक्षियों और पशु-पक्षियों को भी इससे गंभीर नुकसान पहुंचता है। इसी को ध्यान में रखते हुए न्यायालय के निर्देशानुसार गोंदिया जिले में नायलॉन मांजे के उपयोग, बिक्री और भंडारण पर कड़े प्रतिबंध लागू किए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारी जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

पतंग उड़ाने पर 25 हजार रुपये का जुर्माना

कोई भी बालिग व्यक्ति नायलॉन मांजे से पतंग उड़ाते हुए पकड़ा जाता है तो उस पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, यदि कोई नाबालिग बालक या बालिका नायलॉन मांजे का उपयोग करते हुए पाया जाता है तो यह जुर्माना उसके माता-पिता अथवा अभिभावकों से वसूल किया जाएगा।

बिक्री और भंडारण करने वालों पर ढाई लाख की कार्रवाई

किसी दुकान, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म अथवा किसी व्यक्ति के पास नायलॉन या सिंथेटिक मांजे का भंडारण पाया जाता है या उसकी बिक्री होते हुए सामने आती है तो संबंधित विक्रेता पर 2 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। प्रत्येक अपराध के लिए अलग-अलग जुर्माना लागू रहेगा।

जुर्माने की राशि मौके पर जमा नहीं करने पर संबंधित व्यक्ति को 15 दिनों के भीतर भुगतान करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय में राशि जमा नहीं करने पर राजस्व अधिकारियों के माध्यम से कानूनी प्रक्रिया अपनाकर भू-राजस्व बकाया की तरह वसूली की जाएगी।

अवैध बिक्री की सूचना पुलिस को दें

गोंदिया जिले में नायलॉन मांजे की बिक्री, भंडारण अथवा ऑनलाइन माध्यम से अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर नागरिक तत्काल संबंधित पुलिस थाने, डायल 112, साइबर सेल, स्थानीय अपराध शाखा अथवा पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दें।

इसके अलावा पुलिस नियंत्रण कक्ष के व्हाट्सऐप नंबर 9130030548 पर भी जानकारी दी जा सकती है।

यह अपील पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने की है। नागरिकों से नायलॉन मांजे का उपयोग नहीं करने तथा दूसरों को भी इसके खतरों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया है।

Share Post: